Ranchi: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में जेल में बंद राज्य के पूर्व मुख्य सचिव और JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका पर गुरुवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने मामले में CID (राज्य सरकार) को 9 दिसंबर तक याचिकाकर्ता की ओर से उठाए गए सभी बिंदुओं पर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है। वहीं, एल ख्यांग्ते को 14 दिसंबर तक CID के जवाब पर अपना प्रतिउत्तर दाखिल करना होगा। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
बिना आदेश शपथ पत्र दाखिल करने पर सरकार से नाराजगी
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से अदालत के निर्देश के बिना ही शपथ पत्र दाखिल किए जाने पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताई। अदालत ने सरकार से सवाल किया कि जब कोर्ट ने जवाब दाखिल करने का निर्देश नहीं दिया था, तो इस मामले में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? इसके बाद अदालत ने दोनों पक्षों को जवाब और प्रतिउत्तर दाखिल करने के लिए समय निर्धारित किया।
एल ख्यांग्ते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार और अधिवक्ता चंदना कुमारी ने पक्ष रखा।
निचली अदालत से खारिज हो चुकी है जमानत याचिका
दरअसल, निचली अदालत ने एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। इससे पहले अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि एल ख्यांग्ते के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है। यहां तक कि छापेमारी के दौरान भी उनके खिलाफ कोई आपत्तिजनक सबूत नहीं मिला।
CID ने लगाया दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप
वहीं, CID की ओर से आरोप लगाया गया है कि टीडीपीएल (TDPL) को परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी सौंपने में एल ख्यांग्ते की अहम भूमिका थी। एजेंसी के मुताबिक, टीडीपीएल की ओर से आयोजित परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही थी और इसकी जानकारी होने के बावजूद उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
जांच एजेंसी ने एल ख्यांग्ते पर टीडीपीएल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का आरोप भी लगाया है।
परीक्षा घोटाले में अब तक तीन दर्जन से अधिक गिरफ्तार
गौरतलब है कि परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर CID ने कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। इसी मामले की जांच के दौरान एजेंसी ने एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की गई। तब से वह न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। इस मामले में अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अभय तिवारी के बयान में भी एल ख्यांग्ते का नाम
JPSC नियुक्ति घोटाले के कथित मुख्य आरोपी अभय तिवारी ने CID अधिकारियों के समक्ष दिए गए स्वीकारोक्ति बयान में एल ख्यांग्ते की भूमिका का उल्लेख किया है। बयान में उसने दावा किया है कि टीडीपीएल को परीक्षा आयोजन की एजेंसी के रूप में चयनित करने में तत्कालीन JPSC अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की महत्वपूर्ण भूमिका थी। हालांकि, इन आरोपों पर अदालत में सुनवाई और जांच की प्रक्रिया जारी है।





