रांची: झारखंड सरकार ने केंद्र सरकार के नए खनन संशोधन कानून के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए इसमें पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को विधानसभा के समक्ष इस संबंध में राजकीय संकल्प पेश किया। सरकार का मानना है कि केंद्र के नए कानून से झारखंड को प्रतिवर्ष करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हो सकता है। इसका सीधा असर राज्य के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ने की आशंका है।
केंद्र के नए कानून से राज्यों के अधिकार प्रभावित
विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026 अधिसूचित किया था। इस संशोधन के तहत खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर या सेस लगाने के राज्यों के अधिकारों को सीमित किया गया है। साथ ही, पूर्व के बकाया और वसूली नहीं हो सकी राशि से जुड़े दावों को भी अमान्य करने का प्रावधान किया गया है।
हर साल 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका
राज्य सरकार की ओर से विधानसभा में रखे गए प्रस्ताव में कहा गया है कि नए कानून के लागू होने से झारखंड को हर साल लगभग 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, आधारभूत संरचना और दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए वित्तीय संसाधन जुटाना मुश्किल हो सकता है।
खनन प्रभावित आदिवासी और वंचित समुदायों पर पड़ेगा असर
झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध होने के साथ-साथ आदिवासी बहुल राज्य भी है। यहां के खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, आदिम जनजाति और पिछड़े वर्गों के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं। खनन गतिविधियों के कारण होने वाले विस्थापन, भूमि से बेदखली, पर्यावरणीय क्षति और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव का सबसे अधिक प्रभाव इन्हीं समुदायों पर पड़ता है।
सरकार का कहना है कि खनन से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और उनके सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए पर्याप्त संसाधनों की आवश्यकता है। नए केंद्रीय कानून से इन प्रयासों को झटका लग सकता है।
झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम का भी दिया हवाला
प्रस्ताव में झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि राज्य ने इसके माध्यम से सालाना लगभग 13 हजार करोड़ रुपये जुटाने की व्यवस्था की थी। इस राशि का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों और वंचित समुदायों के उत्थान के लिए विकास कार्यों को गति देना था। राज्य सरकार के अनुसार, नए केंद्रीय कानून से इस व्यवस्था और इससे जुड़े प्रयासों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का किया गया उल्लेख
राजकीय संकल्प में जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों वाली संविधान पीठ के ऐतिहासिक फैसले का भी हवाला दिया गया है। यह फैसला Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India Ltd. मामले में आया था।
इस फैसले में स्पष्ट किया गया था कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि की श्रेणी में आती है और संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्यों को ऐसी भूमि पर कर या उपकर लगाने का अधिकार है। इसके लिए खनिज के मूल्य अथवा उत्पादन को आधार बनाया जा सकता है।
राज्य सरकार का तर्क है कि यह अधिकार भारतीय संघीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे खनन गतिविधियों से होने वाले नुकसान की भरपाई और प्रभावित समुदायों के विकास के लिए वित्तीय संसाधन जुटाए जा सकते हैं।
केंद्र सरकार से कानून पर पुनर्विचार की मांग
झारखंड सरकार ने केंद्र से नए खनन संशोधन कानून पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की है। प्रस्ताव में कहा गया है कि राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है, ताकि खनन से होने वाली क्षति की भरपाई की जा सके।
सरकार का मानना है कि खनिज संपदा से प्राप्त होने वाले संसाधनों का लाभ आदिवासी, दलित, पिछड़े वर्गों और महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए भी मिलना चाहिए। इसके साथ ही राज्य में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन प्रभावित नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद यह प्रस्ताव विधानसभा की विशेष बैठक में चर्चा के लिए रखा गया है। सरकार ने इस मुद्दे को राज्य के आर्थिक हितों और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया है।





