रांची: झारखंड में टीकाकरण से रोके जा सकने वाले रोगों (Vaccine Preventable Diseases-VPD) की निगरानी व्यवस्था को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके तहत राज्य के 8 जिलों में वीपीडी सर्विलांस के तीसरे चरण (फेज-III) के ट्रांजिशन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस व्यवस्था को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO-NPSN) के सहयोग से IDSP-NCDC के अंतर्गत सरकारी स्वास्थ्य तंत्र में चरणबद्ध तरीके से शामिल किया जा रहा है।
छह प्रमुख संक्रामक रोगों की होगी प्रभावी निगरानी
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छह प्रमुख टीका-निवारणीय रोगों की उच्च गुणवत्ता वाली निगरानी सुनिश्चित करना है। इनमें पोलियो (एक्यूट फ्लैसिड पैरालिसिस-AFP), खसरा, रूबेला, डिप्थीरिया, काली खांसी (पर्टुसिस) और नवजात टिटनेस शामिल हैं।
इसके माध्यम से संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान, मामलों की त्वरित रिपोर्टिंग, नमूनों का संग्रह एवं जांच तथा बीमारी फैलने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सरकारी स्वास्थ्य तंत्र को सौंपी जाएगी निगरानी की जिम्मेदारी
ट्रांजिशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रोगों से संबंधित मामलों की पहचान, रिपोर्टिंग, जांच, नमूनों के परिवहन, आईएचआईपी (IHIP) पोर्टल पर डेटा प्रविष्टि और संक्रमण फैलने की स्थिति में कार्रवाई की जिम्मेदारी सरकारी सर्विलांस तंत्र संभालेगा।
इसके लिए एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) की जिला और राज्य स्तरीय क्षमता को मजबूत किया जा रहा है, ताकि पूरी व्यवस्था सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
टीओटी प्रशिक्षण से तैयार होंगे प्रशिक्षक
सर्विलांस व्यवस्था को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए टीओटी (Training of Trainers) कार्यक्रम के माध्यम से प्रशिक्षकों को तैयार किया जा रहा है। ये प्रशिक्षक अपने-अपने जिलों में एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO), चिकित्सा अधिकारियों, लैब टेक्नीशियनों और डेटा प्रबंधकों को प्रशिक्षण देंगे।
इससे स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और रोगों की पहचान, रिपोर्टिंग तथा निगरानी प्रक्रिया में तेजी आएगी।
समय पर पहचान और कार्रवाई पर जोर
झारखंड में वीपीडी सर्विलांस के तीसरे चरण का उद्देश्य रोग निगरानी व्यवस्था को अधिक मजबूत, जवाबदेह और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग का मुख्य जोर तीन महत्वपूर्ण पहलुओं पर है—जल्दी पहचान, जल्दी रिपोर्टिंग और जल्दी कार्रवाई।
इस पहल से राज्य में संक्रामक रोगों की रोकथाम और सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।





