
AI के भरोसे कर्मचारियों की छंटनी करना कंपनियों को पड़ा भारी, अब वापस बुलाने की आई नौबत
अमेरिका में एआई के जरिए कामकाज ऑटोमेट करने की जल्दबाजी कंपनियों पर भारी पड़ रही है। जिन कंपनियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भरोसा जताते हुए कर्मचारियों की छंटनी की थी, अब उनमें से कई अपने पुराने कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर बुला रही हैं। टैलेंट असेसमेंट कंपनी एसएचएल के एक सर्वे में यह बात सामने आई है।
छंटनी के बाद 20 फीसदी कर्मचारियों को मिला दोबारा नौकरी का ऑफर
एसएचएल के सर्वे के मुताबिक, अमेरिका में करीब 20 फीसदी कर्मचारियों ने बताया कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उनकी पुरानी कंपनी ने उन्हें फिर से काम पर लौटने का प्रस्ताव दिया। दरअसल, कंपनियों ने कामकाज को ऑटोमेट करने की जल्दबाजी में कर्मचारियों के अनुभव, व्यावहारिक समझ और निर्णय लेने की क्षमता के महत्व को कम आंक लिया। बाद में जब एआई से अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, तो कंपनियों को अनुभवी कर्मचारियों की कमी महसूस होने लगी।
पुरानी शर्तों पर लौटने को तैयार नहीं कर्मचारी
कर्मचारियों को दोबारा नौकरी पर बुलाना कंपनियों के लिए आसान नहीं हो रहा है। छंटनी का सामना कर चुके कई कर्मचारी अब पुरानी शर्तों पर काम करने के इच्छुक नहीं हैं। सर्वे में 51 फीसदी कर्मचारियों ने दोबारा नौकरी पर लौटने के लिए अधिक वेतन की मांग रखी। वहीं, 42 फीसदी ने नौकरी की सुरक्षा और 40 फीसदी कर्मचारियों ने कामकाज में एआई की भूमिका को लेकर स्पष्टता की मांग की।
क्लार्ना और फोर्ड को भी बदलना पड़ा फैसला
एआई पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता के बाद कर्मचारियों को वापस बुलाने वाली कंपनियों में स्वीडन की कंपनी क्लार्ना भी शामिल है। कंपनी ने ग्राहक सेवा के क्षेत्र में एआई का इस्तेमाल बढ़ाया था, लेकिन संवेदनशील मामलों को संभालने में मानवीय हस्तक्षेप की जरूरत महसूस होने पर दोबारा कर्मचारियों की भर्ती शुरू की।
इसी तरह अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी फोर्ड ने भी जून में 350 इंजीनियरों की भर्ती की या उन्हें प्रमोट किया। कंपनी के एआई आधारित क्वालिटी टूल्स उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। ऐसे में अनुभवी इंजीनियरों की भूमिका फिर से महत्वपूर्ण हो गई।
एआई के साथ मानवीय अनुभव की भी जरूरत
इन घटनाओं से स्पष्ट है कि एआई भले ही कई काम तेजी से और कम लागत में कर सकता है, लेकिन हर परिस्थिति में मानवीय समझ, अनुभव और निर्णय क्षमता का विकल्प नहीं बन सकता। कंपनियों को अब यह समझ आने लगा है कि तकनीक के साथ अनुभवी कर्मचारियों का संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है।





