
झारखंड में मतदाताओं को मिलेगा एक और मौका, 18 नवंबर को सभी बूथों पर लगेगा विशेष कैंप
Ranchi: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र मतदाताओं को निर्वाचन आयोग एक और अवसर देने जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 18 नवंबर को ‘एक और अवसर कैंप’ का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इसका उद्देश्य एएसडीडी सूची में शामिल पात्र मतदाताओं को अंतिम मतदाता सूची में जगह दिलाना है।
सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित होगा विशेष कैंप
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इस संबंध में सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देश के अनुसार, राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर कैंप आयोजित कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान की जाएगी, ताकि उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
प्रपत्र-6 नहीं भरने वाले मतदाताओं की होगी पहचान
कैंप के दौरान एएसडीडी सूची में शामिल ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जो संबंधित मतदान केंद्र के क्षेत्र में सामान्य रूप से निवास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्होंने प्रपत्र-6 नहीं भरा है। ऐसे मतदाताओं से बातचीत कर उनकी पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र मतदाताओं को अंतिम रूप से चिह्नित किया जाएगा, जिससे मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज कराने की आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
बीएलओ-बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की भी होगी बैठक
18 नवंबर को आयोजित इस विशेष कैंप में सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 और चुनाव पाठशाला की छठी बैठक भी होगी। इस दौरान मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की समीक्षा के साथ पात्र मतदाताओं की पहचान और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निर्वाचन आयोग की इस पहल से एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सूची से छूटे पात्र मतदाताओं को अपना नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल कराने का एक और अवसर मिलेगा।




