
IIIT रांची में छात्र की मौत: शिक्षा मंत्रालय ने बनाई तीन सदस्यीय समिति, सुविधाओं और छात्र सहायता व्यवस्था की भी होगी जांच
Education Ministry Forms Three-Member Panel to Examine Student’s Death at IIIT Ranchi
रांची: भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT), रांची में एक छात्र की मौत के मामले को शिक्षा मंत्रालय ने संज्ञान में लिया है। घटना की परिस्थितियों और संस्थान से जुड़े पहलुओं की जांच के लिए मंत्रालय ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है।
समिति की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी करेंगी। इसमें एक वरिष्ठ मनोचिकित्सक और शिक्षा मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी को भी सदस्य बनाया गया है।

समिति घटना की परिस्थितियों की जांच के साथ संस्थान में बुनियादी सुविधाओं, छात्र सहायता व्यवस्था, काउंसलिंग और मेंटरिंग की उपलब्धता तथा शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा करेगी। उसे व्यवस्थागत कमियों की पहचान कर छात्रों के कल्याण को मजबूत करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव देने का जिम्मा सौंपा गया है। इसके लिए समिति संबंधित पक्षों से बातचीत और जरूरी दस्तावेजों की जांच भी करेगी।
मंत्रालय ने संस्थान के सुचारु संचालन के लिए अंतरिम प्रशासनिक व्यवस्था करने की बात कही है। इस व्यवस्था में छात्रों के हित और कल्याण को ध्यान में रखा जाएगा। IIIT रांची सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत स्थापित संस्थान है।




