
रूपी सोरेन की तबीयत फिर बिगड़ी, CM हेमंत और कल्पना सोरेन पहुंचे हिल व्यू अस्पताल
ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी की बात सामने आई, विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी; फिलहाल हैदराबाद शिफ्ट करने का फैसला टला

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की तबीयत में एक बार फिर उतार-चढ़ाव आया है। सोमवार को उनके स्वास्थ्य में सुधार की जानकारी सामने आयी थी, लेकिन मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी। इसके बाद हिल व्यू अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी निगरानी बढ़ा दी।
जानकारी के मुताबिक, रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी की शिकायत बतायी जा रही है। उनके इलाज में जुटे डॉक्टरों के साथ दूसरे विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी सलाह ली जा रही है। हालांकि, अस्पताल की ओर से उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन मंगलवार को बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पहुंचे। दोनों ने डॉक्टरों से रूपी सोरेन के स्वास्थ्य और चल रहे इलाज की जानकारी ली। बताया गया कि मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन देर शाम तक अस्पताल में मौजूद रहे।
हैदराबाद ले जाने की हुई चर्चा
मंगलवार शाम रूपी सोरेन को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद शिफ्ट करने की चर्चा भी सामने आयी। हालांकि, डॉक्टरों की सलाह के बाद फिलहाल उन्हें हैदराबाद नहीं ले जाने का निर्णय लिया गया है। अभी उनका इलाज रांची के हिल व्यू अस्पताल में ही जारी है।
बता दें कि पिछले शुक्रवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक खराब हुई थी। घर पर डॉक्टरों ने उनकी जांच की थी। सांस लेने में परेशानी के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और लगातार उनका इलाज चल रहा है।



