
रांची में एम्स की तर्ज पर बनेगा आयुष अस्पताल, 900 करोड़ का तैयार हुआ प्रोजेक्ट
आयुष अस्पताल के लिए डीपीआर तैयार कर आयुष मंत्रालय को भेजा गया, स्वास्थ्य मंत्री ने आयुष चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान का भी दिया भरोसा

रांची: राजधानी रांची में अब एम्स की तर्ज पर एक बड़े आयुष अस्पताल की स्थापना की तैयारी है। अस्पताल के निर्माण के लिए करीब 900 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) बनाकर आयुष मंत्रालय, नई दिल्ली को भेज दी गयी है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रविवार को वन भवन स्थित पलाश सभागार में आयोजित प्रदेश आयुर्वेद सम्मेलन के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मंत्री ने आयुष चिकित्सकों की समस्याओं पर भी जल्द बातचीत का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि आयुष चिकित्सकों के एक प्रतिनिधिमंडल को जल्द वार्ता के लिए बुलाया जाएगा। अधिकारियों की मौजूदगी में उनकी समस्याओं और मांगों पर चर्चा कर समाधान की दिशा में कदम उठाये जाएंगे।
सात सूत्री मांग पत्र सौंपा
सम्मेलन के दौरान महामंत्री डॉ. उमेश्वर शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री को आयुष चिकित्सकों से जुड़ा सात सूत्री मांग पत्र सौंपा। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ताओं ने आयुर्वेद और आयुष चिकित्सा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
सम्मेलन में सुदामा प्रसाद, जेवियर सामाजिक संस्थान के प्रोफेसर डॉ. अनंत कुमार, आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय बिहार के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी, डॉ. गौरव समेत कई लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री और अन्य अतिथियों ने स्मारिका का विमोचन भी किया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जगन्नाथ त्रिपाठी ने किया।




