
त्योहारों से पहले चीनी की उपलब्धता बढ़ाने की तैयारी, थोक खरीदारों की स्टॉक लिमिट दोगुनी
सरकार ने स्टॉक रखने की अवधि 15 से बढ़ाकर 30 दिन की, अतिरिक्त 15 दिन का भंडार सिर्फ आयातित चीनी का रखा जा सकेगा

नयी दिल्ली: त्योहारों के सीजन में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने और बाजार में कीमतों में आयी गिरावट का फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए सरकार ने स्टॉक लिमिट में बदलाव किया है।
अब थोक उपभोक्ता 30 दिनों की खपत के बराबर चीनी का स्टॉक रख सकेंगे। इससे पहले यह सीमा 15 दिनों की खपत तक निर्धारित थी।
हालांकि, सरकार ने स्टॉक को लेकर एक शर्त भी रखी है। बढ़ी हुई सीमा के तहत अतिरिक्त 15 दिनों का स्टॉक सिर्फ आयातित चीनी का रखा जा सकेगा। वहीं, खुले बाजार से खरीदी गयी चीनी का भंडार अधिकतम 15 दिनों की खपत तक ही सीमित रहेगा।
सरकार के इस फैसले का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में चीनी की कमी की स्थिति से बचना है। साथ ही, चीनी की कीमतों में जो गिरावट आयी है, उसका लाभ आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।




