
नवंबर के पहले सप्ताह झारखंड आएंगे राहुल गांधी, खूंटी में पेसा पर पारंपरिक ग्राम प्रधानों से करेंगे संवाद
रांची में कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे शामिल, अक्टूबर में पंचायत स्तर पर पेसा को लेकर कार्यशालाएं कराने के निर्देश

रांची: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नवंबर 2026 के पहले सप्ताह में झारखंड दौरे पर आ सकते हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस संगठन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश को पत्र भेजकर दौरे के संभावित कार्यक्रमों की जानकारी दी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी खूंटी में पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के पारंपरिक ग्राम प्रधानों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान पेसा नियमावली के क्रियान्वयन और ग्राम सभा की भूमिका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गयी है।
इसके अलावा राहुल गांधी रांची में जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इस दौरान उनके परिजनों के साथ बैठक का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
राहुल गांधी के दौरे से पहले प्रदेश कांग्रेस को अक्टूबर महीने में प्रखंड मुख्यालय स्तर पर पारंपरिक ग्राम सभा प्रधानों के लिए पेसा को लेकर कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इन कार्यशालाओं के जरिए पेसा नियमों और ग्राम सभा से जुड़े प्रावधानों की जानकारी देने की तैयारी है।
फिलहाल राहुल गांधी के झारखंड दौरे का अंतिम कार्यक्रम और तारीख प्रदेश कांग्रेस की ओर से तय किया जाना बाकी है।




