‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर होंगे खेल आयोजन; रक्षाबंधन के कारण 28 अगस्त की गतिविधियां अब 27 को, 30 अगस्त को भी खुलेंगे स्कूल

रांची: झारखंड के सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस बार तीन दिवसीय विशेष आयोजन किया जाएगा। 27 अगस्त से 30 अगस्त तक चलने वाले इस कार्यक्रम को लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना की ओर से सभी जिलों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
रक्षाबंधन के कारण कार्यक्रम के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। 28 अगस्त को होने वाली गतिविधियां अब 27 अगस्त को ही आयोजित की जाएंगी। वहीं 29 और 30 अगस्त के कार्यक्रम अपने तय कार्यक्रम के अनुसार होंगे।
30 अगस्त को भी सुबह से दोपहर तक खुलेंगे स्कूल
राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम के तहत 30 अगस्त को रविवार होने के बावजूद स्कूल खुले रहेंगे। इस दिन विद्यालयों में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ होगी थीम
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर इस साल राष्ट्रीय खेल दिवस कार्यक्रम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम के साथ आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में सरकारी स्कूलों के अलावा सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को भी शामिल किया गया है। स्कूलों में बच्चों के लिए अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं और खेल से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
खेल सामग्री से लेकर प्राथमिक उपचार तक की व्यवस्था
कार्यक्रम के दौरान स्कूलों में पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फर्स्ट एड और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करनी होगी।
खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को सामने लाना और स्कूल स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

