सरायकेला-खरसावां में प्रस्तावित ‘चीफ मिनिस्टर्स ट्रॉफी’ चैंपियनशिप को पद्मश्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती को समर्पित किया जाएगा

रांची: झारखंड में शतरंज को नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। दिसंबर 2026 में सरायकेला-खरसावां जिले में चीफ मिनिस्टर्स ट्रॉफी–इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर शतरंज चैंपियनशिप आयोजित करने की तैयारी है। इसी सिलसिले में सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारी दी। यह चैंपियनशिप ऑल इंडिया चेस फेडरेशन यानी AICF और झारखंड चेस एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाएगी।
शिबू सोरेन की जयंती को समर्पित होगा आयोजन
आयोजकों के मुताबिक, दिसंबर में होने वाली यह अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप स्मृति शेष पद्मश्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती को समर्पित होगी। प्रतियोगिता के जरिए झारखंड में शतरंज के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों की रुचि को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
देश-विदेश के ग्रैंडमास्टरों के जुटने की उम्मीद
इंटरनेशनल ग्रैंडमास्टर स्तर की प्रतियोगिता होने के कारण इसमें देश और विदेश के शीर्ष शतरंज खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। इससे झारखंड के स्थानीय खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल सकता है।
प्रतिनिधिमंडल में ये लोग रहे शामिल
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में SKDCA के अध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष लक्ष्मण टुडू, शैलेंद्र कुमार और अभिषेक दास शामिल थे।
इस दौरान प्रतियोगिता के आयोजन, तैयारियों और झारखंड में शतरंज को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। आयोजन के सफल होने से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन के नक्शे पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

