दुर्गापूजा-छठ पर घर लौटना होगा मुश्किल! टाटानगर की ट्रेनों में 100 पार वेटिंग, कई में नो रूम

0
77
Share This Post

अक्टूबर में बिहार, यूपी और बंगाल जाने वाली ट्रेनों में कंफर्म टिकट का संकट; पुरुषोत्तम, गीतांजलि और राजधानी एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग

जमशेदपुर: दुर्गापूजा, दिवाली और छठ महापर्व से पहले ही टाटानगर से बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल जाने वाली ट्रेनों में सीटों का संकट गहराने लगा है। अक्टूबर की यात्राओं के लिए प्रमुख ट्रेनों में अभी से वेटिंग लिस्ट काफी लंबी हो गई है। कई ट्रेनों में वेटिंग 100 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ तारीखों पर टिकट बुकिंग के दौरान ‘नो रूम’ की स्थिति दिखाई दे रही है।

त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में लोग जमशेदपुर और आसपास के इलाकों से अपने गृह राज्य लौटते हैं। ऐसे में अक्टूबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव रहने की संभावना है।

कई प्रमुख ट्रेनों में कंफर्म टिकट का संकट

टाटानगर से खुलने या होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में 10 से 30 अक्टूबर के बीच कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस, हावड़ा-मुंबई दूरंतो, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, गीतांजलि एक्सप्रेस, जलियांवाला बाग एक्सप्रेस और छपरा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्रियों को लंबी वेटिंग का सामना करना पड़ रहा है।

त्योहारों के नजदीक आने के साथ टिकटों की मांग और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों की चिंता भी बढ़ गई है कि अगर समय रहते अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन नहीं किया गया, तो घर लौटने के लिए परेशानी और बढ़ सकती है।

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में भी बढ़ी वेटिंग

पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में अक्टूबर की कई तारीखों पर सीटों की उपलब्धता तेजी से कम हुई है। फर्स्ट एसी में कुछ तारीखों पर वेटिंग चल रही है, जबकि सेकेंड एसी की कुछ तारीखों में टिकट रिग्रेट की स्थिति सामने आ रही है। थर्ड एसी में भी वेटिंग करीब 130 तक पहुंच गई है।

गीतांजलि एक्सप्रेस में 140 के पार वेटिंग

गीतांजलि एक्सप्रेस में भी त्योहारी सीजन का असर साफ दिखाई दे रहा है। अक्टूबर की अलग-अलग तारीखों में सेकेंड एसी की वेटिंग करीब 38 तक, थर्ड एसी में 21 से 56 तक और स्लीपर में 58 से 64 तक पहुंच गई है। वहीं, 15 और 16 अक्टूबर को वेटिंग 140 के पार पहुंचने की स्थिति बताई जा रही है। सामान्य दिनों में भी कई तारीखों पर वेटिंग काफी अधिक है।

राजधानी एक्सप्रेस में भी सीटों का संकट

राजधानी एक्सप्रेस में 19 अक्टूबर को थर्ड एसी की वेटिंग 122 तक पहुंच गई है। अन्य तारीखों में भी वेटिंग करीब 57 तक दर्ज हो रही है। वहीं, 16 अक्टूबर को सभी श्रेणियों में टिकट रिग्रेट की स्थिति बताई जा रही है।

अब स्पेशल ट्रेनों का इंतजार

लंबी वेटिंग के बीच यात्रियों की उम्मीद अब तत्काल टिकट और रेलवे की ओर से घोषित की जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों पर टिकी है। यात्रियों की मांग है कि रेलवे त्योहारी सीजन को देखते हुए टाटानगर से पटना, छपरा, गया और कोलकाता जैसे प्रमुख रूटों पर जल्द अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की घोषणा करे।

यात्रियों का कहना है कि अगर स्पेशल ट्रेनों की घोषणा समय रहते हो जाती है, तो घर लौटने की तैयारी करने वालों को काफी राहत मिल सकती है। फिलहाल अक्टूबर में त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए टाटानगर से चलने वाली ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बड़ी चुनौती बनती नजर आ रही है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here