1933 आरएल फीट तक पहुंचा जलस्तर, 1934 पर गेट खोलने की तैयारी; हुंडरू फॉल और चांडिल डैम में भी बढ़ेगा पानी

रांची/अनगड़ा: झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब गेतलसूद डैम पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अनगड़ा क्षेत्र में स्थित डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ते हुए 1933 आरएल फीट तक पहुंच गया है। विभाग के निर्धारित मानक के अनुसार जलस्तर 1934 आरएल फीट पर पहुंचते ही सुरक्षा के मद्देनजर डैम के फाटक खोले जा सकते हैं। डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 1936 आरएल फीट बतायी गयी है।
जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। डैम से जुड़े इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, सिकिदिरी हाइडल पावर प्लांट में बिजली उत्पादन के लिए नहर के माध्यम से पानी की आपूर्ति भी जारी है।
फाटक खुले तो निचले इलाकों में बढ़ेगा पानी का बहाव
अगर गेतलसूद डैम के फाटक खोले जाते हैं, तो स्वर्णरेखा नदी के बहाव में अचानक तेजी आ सकती है। इसका असर नदी के आसपास के निचले इलाकों पर पड़ने की आशंका है। पानी छोड़े जाने के बाद हुंडरू फॉल में भी जलप्रवाह काफी बढ़ सकता है और झरना तेज धार के साथ उफान पर आ सकता है। इसके अलावा स्वर्णरेखा नदी के बहाव के कारण मुरी होते हुए चांडिल डैम के जलस्तर पर भी असर पड़ने की संभावना है।
नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह
डैम के फाटक खोले जाने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों ने नदी के किनारे तथा निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से अपील की गयी है कि वे नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों और जलप्रपात के आसपास जाने से बचें।
लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की नजर अब गेतलसूद डैम के जलस्तर पर बनी हुई है। 1934 आरएल फीट का स्तर पार होते ही सुरक्षा गेट खोले जाने की स्थिति बन सकती है।

