एसपी कुमार गौरव ने मासिक अपराध गोष्ठी में हत्या, लूट, दुष्कर्म और POCSO समेत गंभीर मामलों की समीक्षा की; थाना प्रभारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

लातेहार: जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के तेजी से निष्पादन को लेकर पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पिछले महीने दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों की स्थिति, गिरफ्तारी और मामलों के उद्भेदन की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान हत्या, लूट, दुष्कर्म, POCSO और यूडी समेत विभिन्न मामलों पर चर्चा हुई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों से जांच की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
एसपी कुमार गौरव ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित कांडों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों की जांच में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाए।
बैठक में अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस से जुड़ी अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं की भी समीक्षा की गई।
पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की भी समीक्षा
अपराध गोष्ठी में लंबित पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन आवेदनों की स्थिति पर चर्चा की गई। इसके साथ ही ई-डायरी एंट्री, थानों के मालखाना के रख-रखाव और संबंधित रिकॉर्ड को अपडेट रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
CIR पोर्टल के माध्यम से गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
एक साल से फरार अपराधियों पर बढ़ेगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक ने पिछले एक वर्ष से फरार अपराधियों से संबंधित दागी पंजी की समीक्षा करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया।
जिले में गृहभेदन के मामलों को भी गंभीरता से लिया गया। एसपी ने ऐसे मामलों की जांच और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
मासिक अपराध गोष्ठी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विरेंद्र राम और संदीप कुमार गुप्ता, डीएसपी प्रदीप कुमार मिंज, थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, अशोक कुमार पासवान और विक्रांत उपाध्याय समेत अंचल निरीक्षक, विभिन्न थानों के प्रभारी और अलग-अलग शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।

