Ranchi Harmu Road: 48 भवनों को नोटिस, 340 दुकानों पर कार्रवाई, अवैध होर्डिंग हटाने के लिए 3 दिन की मोहलत

0
67
Share This Post

Ranchi Harmu Road रांची नगर निगम ने हरमू रोड को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अवैध निर्माण, अतिक्रमण, बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों और अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए । यह अभियान कांके राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बायपास होते हुए प्रोजेक्ट भवन तक की सड़क पर चलाया जा रहा है, जिसे मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा ।

48 भवनों को नोटिस, 7 दिन में कार्रवाई के निर्देश

नगर निगम की नक्शा शाखा की जांच में हरमू रोड क्षेत्र में 48 भवनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं मिली हैं। इनमें 19 भवन सड़क, सेटबैक या गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण करते पाए गए, 21 भवनों में अवैध निर्माण मिला, जबकि 8 आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं । सभी भवन स्वामियों को नोटिस जारी कर दस्तावेज मांगे गए हैं। नगर आयुक्त ने सात दिनों के भीतर भवन उपविधि का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है ।

340 प्रतिष्ठान बिना ट्रेड लाइसेंस के चल रहे

राजस्व शाखा की रिपोर्ट के अनुसार हरमू रोड मॉडल कॉरिडोर क्षेत्र में 340 दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बिना ट्रेड लाइसेंस के संचालित हो रहे हैं । सभी को नोटिस जारी कर जल्द लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया है। नगर आयुक्त ने ऐसे सभी प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करने तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए जरूरत पड़ने पर सील करने के निर्देश भी दिए हैं । हरमू रोड में भारत माता चौक से सहजानंद चौक, हरमू चौक होते हुए भाजपा कार्यालय तक आवास बोर्ड की जमीन पर चल रहे करीब 250 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर 25 हजार रुपये जुर्माना लगेगा और दुकानें सील हो सकती हैं ।

52 अवैध होर्डिंग्स को 3 दिन में हटाने का निर्देश

बाजार शाखा की समीक्षा में बताया गया कि फुटपाथों, यूनिपोल और अन्य स्थानों पर 52 अवैध मोनोपोल और होर्डिंग्स लगाए गए हैं । नगर निगम ने संबंधित लोगों को तीन दिनों के भीतर इन्हें स्वयं हटाने का निर्देश दिया है। तय समय के बाद निगम स्वयं इन्हें हटाएगा और कार्रवाई का पूरा खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।

हरमू रोड को मॉडल कॉरिडोर बनाने की योजना

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि मॉडल कॉरिडोर केवल सड़क चौड़ीकरण या सौंदर्यीकरण की परियोजना नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित शहरी वातावरण तैयार करना है । मॉडल कॉरिडोर में पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ, वर्टिकल गार्डन, ग्रीन पैच, आकर्षक वॉल पेंटिंग और बेंच लगाए जाएंगे । कैलाशपति मिश्र चौक के पास खाली प्लॉट पर पार्क बनाने का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है । सभी संबंधित विभागों को नक्शा स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, अतिक्रमण नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और अन्य सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ।

बाहरी संसाधन

JPSC JSSC Protest: छात्रों का आंदोलन तेज, 29 जुलाई को पदयात्रा और 6 अगस्त को विधानसभा घेराव का ऐलान

Magur Village: झारखंड में बसेंगे ‘मगुर गांव’, देशी मछली संरक्षण के साथ बढ़ेगी मछुआरों की आय

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here