झारखंड के सरायकेला से निकलकर वैश्विक आईटी जगत तक का सफर, सलिल पारेख के बाद इंफोसिस की कमान संभालेंगे आशीष दास।

रांची/सरायकेला: झारखंड के लिए गर्व की खबर है। सरायकेला-खरसावां जिले के रहने वाले आशीष कुमार दास को देश की अग्रणी आईटी कंपनी इंफोसिस का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। वह 1 अप्रैल 2027 से कंपनी की कमान संभालेंगे और वर्तमान CEO सलिल पारेख का स्थान लेंगे।
आशीष दास की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि झारखंड और विशेष रूप से सरायकेला-खरसावां के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत मानी जा रही है। एक साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर वैश्विक आईटी उद्योग में अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नेहरू कुसुम उच्च विद्यालय और राजनगर उच्च विद्यालय से पूरी की। इसके बाद टाटा कॉलेज, चाईबासा से स्नातक की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने आईआईटी खड़गपुर से उच्च शिक्षा प्राप्त की। तकनीकी क्षेत्र में वर्षों के अनुभव और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्होंने इंफोसिस में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
आशीष दास का परिवार भी लंबे समय से शिक्षा और समाज सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय अरविंद कुमार दास चिकित्सकीय सेवाओं से जुड़े थे और परिवार की जड़ें सरायकेला राजपरिवार से भी जुड़ी रही हैं।
इंफोसिस के बोर्ड ने आशीष दास को उनके व्यापक अनुभव, दूरदर्शी सोच और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए कंपनी का अगला CEO नियुक्त किया है। उनके नेतृत्व में कंपनी के नवाचार, डिजिटल तकनीक और वैश्विक विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
आशीष दास की सफलता यह साबित करती है कि छोटे शहरों और कस्बों से निकलने वाली प्रतिभाएं भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि झारखंड के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।

