सात प्रमुख रियल एस्टेट परियोजनाएं जांच के दायरे में, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल रिकॉर्ड की हो रही गहन जांच; आयकर चोरी की आशंका पर कार्रवाई तेज।

रांची में आयकर विभाग की अनुसंधान शाखा ने रियल एस्टेट क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पानस रियल्टर्स और बिल्डर दयानंद मोदी से जुड़ी कई परियोजनाओं पर सर्वे शुरू किया है। सर्वे लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। विभाग की टीम परियोजनाओं से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और लेन-देन की गहन जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, सर्वे की कार्रवाई नारायण प्रसाद जालान के निर्देशन में संचालित पानस रियल्टर्स तथा दयानंद मोदी की संयुक्त परियोजनाओं को केंद्र में रखकर की जा रही है। जांच के दायरे में महिला महाविद्यालय के सामने स्थित पानस-99, लालपुर-कोकर रोड स्थित रोजवुड अपार्टमेंट और रातू रोड स्थित मोदी हाइट्स सहित कुल सात प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
आयकर विभाग इन परियोजनाओं से जुड़े दस्तावेजों के साथ-साथ अन्य चार बड़ी परियोजनाओं की भी वित्तीय गतिविधियों की जांच कर रहा है। टीम बैंकिंग रिकॉर्ड, अकाउंट बुक, डिजिटल उपकरण और अन्य दस्तावेजों की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं आय और निवेश से जुड़ी जानकारी में कोई अनियमितता तो नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को आशंका है कि रांची की कुछ रियल एस्टेट कंपनियों द्वारा बड़े पैमाने पर आयकर चोरी की गई हो सकती है। इसी आशंका के आधार पर यह सर्वे अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। विभाग की इस कार्रवाई को रियल एस्टेट क्षेत्र में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

