रांची: ट्रेन में सफर के दौरान रेलवे द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले तौलिया, चादर, कंबल और तकिया कवर अपने साथ ले जाना अब यात्रियों को भारी पड़ सकता है। रांची मंडल की ट्रेनों से अब तक 9.31 लाख बेडरोल गायब हो चुके हैं, जिससे रेलवे को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से एसी कोचों से बेडरोल चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। गायब होने वाले सामान में तौलिया, बेडशीट, तकिया कवर, कंबल और तकिया शामिल हैं।
रेलवे ने जारी की सख्त चेतावनी
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि एसी कोच में उपलब्ध कराया जाने वाला बेडरोल रेलवे की संपत्ति है। इसे अपने साथ ले जाना चोरी की श्रेणी में आता है।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 के तहत सरकारी सामान की चोरी करने पर 5 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान है।
बढ़ाई जाएगी निगरानी
मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे ने निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है। अब यात्रियों के उतरने से पहले कोच अटेंडेंट प्रत्येक एसी कोच में बेडरोल की गिनती करेंगे, ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
रेलवे यह भी पता लगा रहा है कि अब तक गायब हुए इन 9.31 लाख बेडरोल की कुल कीमत कितनी है।
रेलवे की अपील
रेलवे ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यात्रा समाप्त होने के बाद सभी बेडरोल कोच में ही छोड़ दें। रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या अपने साथ ले जाना कानूनन अपराध है और इसके लिए सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

