चार महीने बाद फिर मिलेगा टेक होम राशन, 14 लाख से अधिक महिलाओं और बच्चों को राहत

0
104
Share This Post

वित्त विभाग ने पोषाहार वितरण एजेंसी को छह महीने का विस्तार दिया, अगले माह से आंगनबाड़ी केंद्रों पर शुरू होगा वितरण

रांची: झारखंड में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों के लिए बड़ी राहत की खबर है। करीब चार महीने से बंद टेक होम राशन (THR) योजना अगले महीने से फिर शुरू होने जा रही है। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रस्ताव को वित्त विभाग ने मंजूरी दे दी है। अब इसे अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य कैबिनेट के समक्ष भेजा जाएगा।

दरअसल, पोषाहार वितरण करने वाली नई एजेंसी का चयन समय पर नहीं हो पाने के कारण अप्रैल 2026 से राज्यभर में टेक होम राशन का वितरण रोक दिया गया था। इसका असर योजना से जुड़े करीब 14 लाख से अधिक लाभुकों पर पड़ा। इनमें गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं तथा छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चे शामिल हैं, जिन्हें नियमित पोषण सामग्री नहीं मिल पा रही थी।

लाभुकों को हो रही परेशानी को देखते हुए सरकार ने फिलहाल मौजूदा पोषाहार वितरण एजेंसी के कार्यकाल को छह महीने के लिए बढ़ाने का फैसला लिया है। वित्त विभाग से वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद अब आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अगले महीने से फिर से पोषाहार का वितरण शुरू किया जाएगा।

टेक होम राशन योजना के तहत लाभुकों को घर ले जाने योग्य पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, जिससे गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो सके। विभाग का मानना है कि योजना दोबारा शुरू होने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम को मजबूती मिलेगी और लंबे समय से रुका पोषण वितरण सामान्य हो जाएगा।

सरकार का कहना है कि नई एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी जारी है। तब तक छह महीने के विस्तार के जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पोषाहार वितरण में किसी तरह का व्यवधान न आए और सभी लाभुकों तक समय पर राशन पहुंचे।

मुख्य बातें

  • अप्रैल 2026 से बंद था टेक होम राशन वितरण।
  • अगले महीने से फिर शुरू होगा पोषाहार वितरण।
  • वित्त विभाग ने वितरण एजेंसी को छह महीने का विस्तार दिया।
  • 14 लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को मिलेगा लाभ।
  • कैबिनेट की मंजूरी के बाद आदेश होगा जारी।
  • आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित किया जाएगा टेक होम राशन।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here