नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश जनजीवन पर भारी पड़ रही है। जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बाढ़ और जलभराव जैसी स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

डोडा में बादल फटा, मलबे से घर-दुकानें क्षतिग्रस्त
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ऊपरी इलाकों में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। पहाड़ियों से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा नीचे आने से कई घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई वाहन भी मलबे की चपेट में आ गए, जबकि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है।
महाराष्ट्र में 48 घंटे की भारी बारिश

महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मुंबई में पिछले 48 घंटों के दौरान करीब 380 मिमी (15 इंच) बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी और निजी स्कूलों एवं कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है।
नासिक में मंदिर और शिक्षण संस्थान बंद
भारी बारिश को देखते हुए नासिक में भी सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए हैं। इसके अलावा त्र्यंबकेश्वर मंदिर और महाराष्ट्र के प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल सप्तश्रृंगी मंदिर भी श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश में उफान पर नदियां
मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान 35 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। खजुराहो में सबसे अधिक 4.4 इंच वर्षा हुई। बमीठा में नेशनल हाईवे-39 पर करीब 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
तेज बहाव में बही भारी मशीनें

बालाघाट जिले में महाराष्ट्र सीमा से लगी बाघ नदी उफान पर आ गई। नदी के तेज बहाव के कारण किरनापुर-लांजी मार्ग पर पुल निर्माण कार्य में लगी कार, जेसीबी और लोडर बह गए। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

