वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के समर्थन में पहुंचे कार्यकर्ता, बोले- मंत्री की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार

0
45
Share This Post

Radhakrishna Kishore Security: छत्तरपुर और पलामू से पहुंचे समर्थकों ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की बात कही। वहीं, मंत्री ने सुरक्षा और वाहन नोटिस मामले की जांच के निर्देश देते हुए अधिकारियों की जवाबदेही पर जोर दिया।

रांची: झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के सरकारी आवास पर रविवार को उनके विधानसभा क्षेत्र छत्तरपुर और पलामू के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और शुभचिंतक पहुंचे। हाल के दिनों में मंत्री की सुरक्षा को लेकर सामने आई खबरों के बाद समर्थकों का जुटान देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक मंत्री आवास पर समर्थकों के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। बाहर से आए लोगों के ठहरने की व्यवस्था अलग-अलग गेस्ट हाउस में की गई थी।

समर्थकों ने जताई चिंता, सुरक्षा के लिए साथ रहने की बात कही

मंत्री के समर्थकों ने कहा कि मीडिया में सुरक्षा से जुड़ी खबरें पढ़ने के बाद वे रांची पहुंचे हैं। उनका कहना था कि पलामू उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र रहा है और ऐसे में उनके जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। समर्थकों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे मंत्री की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार रहेंगे। हालांकि देर शाम वित्त मंत्री ने सभी समर्थकों को वापस लौटने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी कार्यक्रम में उनके साथ आने की जरूरत नहीं है।

दूर से निगरानी करती रही सुरक्षा टीम

मंत्री की सुरक्षा में तैनात स्पेशल ब्रांच और जैप के जवान पूरे दिन आवास के बाहर निगरानी में लगे रहे। सुरक्षा कर्मियों ने आवास से कुछ दूरी पर मोर्चा संभाले रखा और बारिश के बीच भी आने-जाने वाले लोगों पर नजर बनाए रखी।

रविवार को बिना सुरक्षा के कार्यक्रमों में पहुंचे मंत्री

रविवार को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर महानगर कांग्रेस के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम में शामिल होने कॉर्निवेल हॉल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने एचईसी परिसर स्थित पारस अस्पताल का भी दौरा किया। इस दौरान वे बिना सुरक्षा घेरे के कार्यक्रमों में शामिल हुए, जबकि सुरक्षा बल दूर से उनकी गतिविधियों पर नजर रखते रहे।

संयुक्त सचिव के नोटिस पर वित्त सचिव से मांगी रिपोर्ट

इस बीच वित्त मंत्री ने 4 जुलाई को वित्त सचिव प्रशांत कुमार को पत्र लिखकर विभाग के संयुक्त सचिव पंकज सिंह द्वारा सरकारी वाहन लौटाने संबंधी भेजे गए नोटिस पर सवाल उठाया है। उन्होंने पूछा है कि किस नियम और अधिकार के तहत यह नोटिस जारी किया गया तथा यदि यह पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर था तो संबंधित आदेश उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने पूरे मामले की जांच कर 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया है।

‘सरकार नहीं, व्यवस्था को जवाबदेह बना रहा हूं’ : राधाकृष्ण किशोर

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि उनकी सरकार से कोई नाराजगी नहीं है, बल्कि वे व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई संयुक्त सचिव सीधे मंत्री को वाहन लौटाने का नोटिस भेजता है, तो यह प्रशासनिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को अपने अधिकार क्षेत्र में रहकर कार्य करना चाहिए और सरकार की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here