झारखंड के सरकारी अस्पतालों में 3 महीने से Vitamin-A की दवा खत्म, हजारों बच्चों पर असर

0
62
Share This Post

क्वालिटी सर्टिफिकेट में देरी और आपूर्ति बाधित होने से दवा का स्टॉक खत्म, स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था बहाल करने की प्रक्रिया तेज की।

रांची: झारखंड के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पिछले करीब तीन महीनों से बच्चों को दी जाने वाली Vitamin-A की दवा उपलब्ध नहीं है। दवा की कमी के कारण नियमित रूप से मिलने वाली खुराक प्रभावित हो रही है, जिससे हजारों बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, मार्च में पुराना स्टॉक समाप्त होने के बाद अब तक नया स्टॉक अस्पतालों तक नहीं पहुंच सका है। इसकी मुख्य वजह दवा के लिए जरूरी क्वालिटी सर्टिफिकेट जारी होने में हुई देरी और आपूर्ति प्रक्रिया का प्रभावित होना बताया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने अप्रैल में छह अधिकृत कंपनियों को करीब 1.66 लाख बोतलों की आपूर्ति का ऑर्डर दिया था, लेकिन समय पर सप्लाई नहीं होने के कारण सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की डिस्पेंसरी में दवा उपलब्ध नहीं हो सकी।

विभाग का कहना है कि क्वालिटी क्लियरेंस से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होते ही दवा की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया जा रहा है ताकि व्यवस्था जल्द सामान्य हो सके।

Vitamin-A की पहली खुराक दो वर्ष तक की आयु में दी जाती है। इसके बाद हर छह महीने पर पांच वर्ष की आयु तक बच्चों को नियमित खुराक दी जाती है। यह दवा बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ कई गंभीर बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। फिलहाल सरकारी अस्पतालों में आने वाले अभिभावकों को यह कहकर वापस भेजा जा रहा है कि दवा उपलब्ध होने के बाद छूटी हुई खुराक एक साथ दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि नई खेप पहुंचते ही वितरण फिर से शुरू कर दिया जाएगा।v

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here