सुकन्या समृद्धि योजना में 8.2%, PPF पर 7.1% ब्याज मिलता रहेगा

0
66
Share This Post

रांची: सरकार ने मंगलवार को पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF), नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) समेत विभिन्न लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। 1 जुलाई से शुरू होने वाली वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के लिए सभी दरों को यथावत रखा गया है। लगातार नौवीं तिमाही है, जब सरकार ने इन योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है।

वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा राशि पर 8.2 प्रतिशत ब्याज मिलता रहेगा, जबकि पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) और तीन साल की सावधि जमा पर 7.1 प्रतिशत ब्याज दर बरकरार रखी गई है। वहीं, डाकघर बचत जमा पर ब्याज दर 4 प्रतिशत ही रहेगी।

किसान विकास पत्र (KVP) पर 7.5 प्रतिशत ब्याज मिलता रहेगा और इसमें किया गया निवेश 115 महीनों में परिपक्व होगा। वहीं, राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC) पर जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए 7.7 प्रतिशत ब्याज दर बनी रहेगी।

पहली तिमाही की तरह ही, डाकघर मासिक आय योजना (MIS) के निवेशकों को दूसरी तिमाही में भी 7.4 प्रतिशत की दर से ब्याज मिलेगा। गौरतलब है कि डाकघरों और बैंकों के माध्यम से संचालित इन लघु बचत योजनाओं की ब्याज दरों में सरकार ने आखिरी बार वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही में बदलाव किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here