लोहरदगा में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक, 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवा भी फॉर्म-6 से कर सकेंगे आवेदन

लोहरदगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चुनाव आयोग की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी गयी है। लोहरदगा में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देश पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण प्रक्रिया और नई समय-सीमा की जानकारी दी गयी।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की और आगे होने वाली प्रक्रिया से राजनीतिक दलों को अवगत कराया।
15 सितंबर तक कर सकेंगे दावा-आपत्ति
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची पर दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी है। जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे इस अवधि में अपना दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके अलावा, ऐसे युवा जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के हो जाएंगे, वे भी फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
14 अक्टूबर तक होगी सुनवाई
दावा और आपत्तियां प्राप्त होने के बाद उनके निपटारे की प्रक्रिया जारी रहेगी। संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक 14 अक्टूबर 2026 तक दावे-आपत्तियों पर सुनवाई पूरी की जाएगी। इसके बाद संबंधित मामलों का निपटारा कर अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी।
19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
SIR की पूरी प्रक्रिया के बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। प्रशासन ने राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करें और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करें।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
बैठक में अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रारूप मतदाता सूची, एएसडीडी सूची, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
अधिकारियों का कहना है कि राजनीतिक दलों और उनके स्थानीय प्रतिनिधियों की भागीदारी से ऐसे पात्र नागरिकों तक पहुंचना आसान होगा, जिनका नाम मतदाता सूची में छूट गया है या जो पहली बार मतदाता बनने की पात्रता हासिल कर रहे हैं।
प्रशासन ने मांगा फीडबैक
बैठक के दौरान SIR के तहत जिले में अब तक हुई गतिविधियों को लेकर राजनीतिक दलों से फीडबैक भी लिया गया। निर्वाचन अधिकारियों ने कहा कि पुनरीक्षण की आगे की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पूरी कराने के लिए प्रशासन और संबंधित सभी पक्षों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

