रांची: आगामी जगन्नाथपुर रथ यात्रा को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। गुरुवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा ने रांची के जगन्नाथपुर क्षेत्र का दौरा कर रथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा व मेले के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए।

इस वर्ष रथ यात्रा 16 जुलाई को आयोजित होगी। डीजीपी ने मंदिर परिसर से लेकर मौसीबाड़ी तक प्रस्तावित रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
अतिक्रमण हटाने और भारी वाहनों पर रोक के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि रथ यात्रा मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। साथ ही जुलूस के दौरान मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
CCTV से होगी भीड़ की निगरानी
डीजीपी ने कहा कि पूरे रथ यात्रा मार्ग और मेले में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती, आपातकालीन व्यवस्था और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत रखने के भी निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं पर जोर
डीजीपी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, बिजली, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
डेविल्स ग्रुप पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
इसी दिन पुलिस मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीजीपी ने गोड्डा और दुमका में सक्रिय डेविल्स ग्रुप के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संथाल परगना प्रमंडल में संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति अपनाने को कहा।
चार जिलों की संयुक्त टीम करेगी जांच

डीजीपी ने गोड्डा, दुमका, जामताड़ा और देवघर जिलों के पुलिसकर्मियों को मिलाकर एक संयुक्त जांच टीम (Joint Investigation Team) गठित करने का निर्देश दिया। यह टीम संगठित अपराध और डेविल्स ग्रुप से जुड़े मामलों की जांच करेगी।
अवैध हथियारों की तस्करी पर भी सख्ती
डीजीपी ने अधिकारियों को डेविल्स ग्रुप से जुड़े संदिग्धों का सत्यापन और जांच तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय मजबूत करने पर भी जोर दिया। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, रथ यात्रा की सुरक्षा और संगठित अपराध पर नियंत्रण, दोनों को लेकर राज्य पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।

