पुरानी संरचना की जगह बाजार को मिलेगा आधुनिक स्वरूप, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर भी जोर

रांची। राजधानी रांची के प्रमुख बाजारों में शामिल डेली मार्केट के कायाकल्प की तैयारी शुरू हो गयी है। करीब 1.17 एकड़ क्षेत्र में फैले इस बाजार के पुनर्विकास को लेकर गुरुवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने दुकानदारों और आवंटनधारियों के साथ बैठक की।
बैठक के दौरान डेली मार्केट की मौजूदा स्थिति, बाजार की संरचना, दुकानदारों के लिए जरूरी सुविधाएं, पार्किंग और आसपास की यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी। नगर आयुक्त ने कहा कि बाजार की पुरानी संरचना और लगातार बढ़ते व्यावसायिक दबाव को देखते हुए अब इसके सुनियोजित तरीके से पुनर्विकास की आवश्यकता है। प्रस्तावित विकास के बाद डेली मार्केट को अधिक आधुनिक, व्यवस्थित और लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की योजना है।
पार्किंग और ट्रैफिक की समस्या पर भी होगा काम
पुनर्विकास के बाद बाजार में व्यापारियों और ग्राहकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ पार्किंग की समस्या को कम करने पर भी ध्यान दिया जायेगा। बाजार के आसपास अक्सर होने वाले यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में भी काम किया जायेगा। इससे दुकानदारों को बेहतर कारोबारी माहौल मिलने के साथ ग्राहकों की आवाजाही भी आसान होने की उम्मीद है।
पुराने आवंटनधारियों के दस्तावेजों का होगा सत्यापन
बैठक में नगर आयुक्त ने दुकानदारों से उनके मूल आवंटन और वैधानिक दस्तावेज सुरक्षित रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में नयी आवंटन प्रक्रिया के दौरान इन दस्तावेजों का सत्यापन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि नियमों के तहत पात्र पुराने आवंटनधारियों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जायेगा। ऐसे में दुकानदारों के लिए अपने पुराने दस्तावेज सुरक्षित रखना महत्वपूर्ण होगा। डेली मार्केट के पुनर्विकास से बाजार की मौजूदा व्यवस्थाओं में सुधार के साथ व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

