रांची में पहली बार डूरंड कप 2026 का रोमांच: बिरसा मुंडा स्टेडियम में 26 जुलाई से होंगे मुकाबले

0
258
Share This Post

18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर, उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक और आयोजन की तैयारियों की हुई समीक्षा

रांची: राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में होने वाले मुकाबलों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने सभी विभागों को समयबद्ध और बेहतर समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में स्टेडियम की ब्रांडिंग, खिलाड़ियों और अतिथियों के आवास, सुरक्षा व्यवस्था, फायर सेफ्टी, आमंत्रण पत्र वितरण और मैचों के दौरान विधि-व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने प्रत्येक मैच के दौरान मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार की चूक नहीं होने देने के निर्देश दिए।

रांची नगर निगम को स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया है, जबकि पुलिस और प्रशासन को ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का जिम्मा सौंपा गया है।

टूर्नामेंट को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए 18 जुलाई को भारतीय थल सेना की ओर से डूरंड कप ट्रॉफी टूर आयोजित किया जाएगा। ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से निकाला जाएगा, ताकि आम नागरिक भी इस ऐतिहासिक फुटबॉल प्रतियोगिता से जुड़ सकें।

बैठक में नगर निगम, खेल प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग, पर्यटन विभाग, सेना, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। प्रशासन का मानना है कि डूरंड कप का आयोजन न केवल रांची बल्कि पूरे झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान देगा और युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here