शहरों के विकास का बनेगा लॉन्ग टर्म प्लान, सड़क के साथ ड्रेनेज जरूरी; लटकते तार और अनावश्यक रोड कट भी होंगे खत्म

रांची में अब शहर की सड़कों और बाजारों को व्यवस्थित करने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क किनारे कारोबार करने वाले वेंडर्स के लिए भी अलग व्यवस्था तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास और पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने रांची समेत राज्य के प्रमुख शहरों के लिए लंबी अवधि की विकास योजना तैयार करने का निर्देश दिया।
सरकार का फोकस अब सिर्फ सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगा। शहरों की प्लानिंग में ट्रैफिक, ड्रेनेज, सार्वजनिक परिवहन, पार्क, हरित क्षेत्र और आम लोगों की सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा।
बारिश में जलजमाव से मिलेगी राहत
रांची में बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के साथ ही ड्रेनेज व्यवस्था को प्राथमिकता देने को कहा है। नई सड़कों की डिजाइन में ही पानी की निकासी का प्रावधान रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पैदल चलने वालों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। जिन इलाकों में पहले से जलजमाव की समस्या है, वहां तकनीकी जांच कर ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की बात कही गई है।
हर वार्ड में वेंडर्स के लिए अलग मार्केट
सड़क किनारे ठेला, गुमटी और छोटी दुकानों के जरिए रोजगार करने वाले वेंडर्स को अब व्यवस्थित जगह देने की तैयारी है। मुख्यमंत्री ने हर वार्ड की जरूरत के हिसाब से वेंडर मार्केट विकसित करने का निर्देश दिया है। इससे सड़क किनारे लगने वाले अस्थायी बाजार को व्यवस्थित करने और ट्रैफिक जाम कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि अतिक्रमण हटाने या शहर को व्यवस्थित करने की कार्रवाई के दौरान वेंडर्स की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
सड़कों पर लटकते तार भी हटेंगे
रांची की सड़कों और गलियों में दिखाई देने वाले उलझे और लटकते केबल तारों को भी व्यवस्थित किया जाएगा। बिजली, टेलीकॉम और दूसरी एजेंसियों के अनावश्यक तारों की पहचान कर उन्हें हटाने का निर्देश दिया गया है। नए केबल बिछाने के दौरान मानकों का पालन करने और सड़क की बार-बार खुदाई रोकने के लिए एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने को कहा गया है।
अनावश्यक रोड कट होंगे बंद
राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए सड़कों के बीच बने गैरजरूरी कटों को भी बंद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ऐसे कटों को चिह्नित करने और वाहनों के लिए तय चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बसों के रूट और टाइमिंग से जुड़ा पूरा डेटा तैयार करने को कहा गया है।
यानी आने वाले समय में रांची को ज्यादा व्यवस्थित और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए अतिक्रमण, वेंडिंग, ड्रेनेज, ट्रैफिक, केबल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट—इन सभी मोर्चों पर एक साथ काम करने की तैयारी है।

