रांची: राजधानी रांची की स्मार्ट सिटी में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। सोमवार से स्मार्ट सिटी में प्रवेश करने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को स्मार्ट सिटी क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं की सूचना मिलने के बाद हटिया थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया।
हटिया थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्मार्ट सिटी में प्रवेश करने वाले वाहनों और लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रख रही है और आने-जाने वालों की पहचान भी सत्यापित की जा रही है।
गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी परिसर में राज्य के 11 मंत्रियों के सरकारी आवास स्थित हैं। इसके अलावा कई मंत्री हाल ही में यहां शिफ्ट भी हुए हैं। इसी वजह से इस पूरे इलाके को वीआईपी जोन माना जाता है।
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनज़र जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करें और आवश्यक पहचान संबंधी दस्तावेज साथ रखें। सुरक्षा एजेंसियों का उद्देश्य स्मार्ट सिटी क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और वीआईपी क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

