
Ranchi Pedicon 2026: बच्चों की गंभीर बीमारियों और आधुनिक इलाज पर मंथन, 18 सितंबर से जुटेंगे 300+ विशेषज्ञ
रांची में तीन दिवसीय मेडिकल कॉन्फ्रेंस का आयोजन, हृदय रोग, डेंगू, मिर्गी, कैंसर, निमोनिया और PICU इमरजेंसी समेत कई विषयों पर होगी चर्चा

रांची। बच्चों की गंभीर बीमारियों और इलाज की नई तकनीकों को लेकर रांची में देशभर के शिशु रोग विशेषज्ञ जुटने वाले हैं। इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP), रांची के तत्वावधान में तीन दिवसीय ‘रांची पेडिकॉन 2026’ का आयोजन 18 से 20 सितंबर तक होटल रामाडा में किया जाएगा। सम्मेलन में देश के अलग-अलग हिस्सों से 300 से अधिक शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे।
इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बच्चों से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं, आधुनिक उपचार पद्धतियों और चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नए बदलावों पर विशेषज्ञों के बीच चर्चा करना है।
‘कनेक्ट, लर्न एंड इंस्पायर’ है थीम
रांची पेडिकॉन 2026 की थीम ‘कनेक्ट, लर्न एंड इंस्पायर’ रखी गई है। सम्मेलन को लेकर गुरुवार को IMA हॉल में प्रेस वार्ता की गई। आयोजन सचिव डॉ. शक्ति पद दास ने बताया कि तीन दिनों के कार्यक्रम में डॉक्टरों के लिए कई तरह के शैक्षणिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में प्री-कॉन्फ्रेंस वर्कशॉप, पेपर और पोस्टर प्रेजेंटेशन, अवॉर्ड पेपर और क्विज जैसी गतिविधियां भी होंगी।
बच्चों की कई गंभीर बीमारियों पर होगी चर्चा
सम्मेलन में बच्चों से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों और उनके इलाज के आधुनिक तरीकों पर विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। इसमें बाल हृदय रोग, डेंगू, मिर्गी, निमोनिया, PICU इमरजेंसी, कैंसर, फूड एलर्जी और समय से पहले यौवनावस्था जैसे विषय शामिल हैं।
विशेषज्ञ इन बीमारियों की पहचान, इलाज में इस्तेमाल हो रही नई तकनीकों और गंभीर स्थिति में बच्चों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
युवा डॉक्टरों को भी मिलेगा सीखने का मौका
आयोजन सचिव के अनुसार यह सम्मेलन युवा और नए डॉक्टरों के लिए भी काफी उपयोगी होगा। उन्हें देश के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञों से सीधे सीखने और अपने अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।
सम्मेलन में होने वाली चर्चा और विशेषज्ञों के अनुभवों का फायदा भविष्य में झारखंड में बच्चों की चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने में मिल सकता है।
देशभर से विशेषज्ञ होंगे शामिल
रांची पेडिकॉन 2026 में देश के कई जाने-माने शिशु रोग विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। इनमें IAP की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नीलम मोहन, फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट, नई दिल्ली के डॉ. नीरज अवस्थी, मुंबई के डॉ. एनवी कैस्टेलिनो और मैक्स हॉस्पिटल, नई दिल्ली के डॉ. कुणाल कालरा समेत अन्य विशेषज्ञ शामिल हैं।
प्रेस वार्ता में आयोजन से जुड़े डॉ. अमित मोहन, डॉ. एल. राजेश कुमार, डॉ. पार्थ कुमार चौधरी, डॉ. शैलेश चंद्रा, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. प्रेम रंजन, डॉ. परमानंद कांशी, डॉ. किरण शंकर दास, डॉ. अनिताभ और डॉ. राजेश कुमार (बालपन) भी मौजूद रहे।




