
रांची के चुटिया में दिखेगा परी लोक का नजारा, बैलगाड़ी-पालकी और हाथी से सजेगा दुर्गा पूजा पंडाल
60 फीट चौड़ा और 40 फीट ऊंचा होगा पंडाल, पुराने जमाने की शाही शादी की झलक के साथ बनाया जाएगा खास सेल्फी प्वाइंट

रांची: दुर्गा पूजा को लेकर राजधानी रांची में पंडालों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार चुटिया नवयुवक संघ दुर्गापूजा समिति श्रद्धालुओं के लिए कुछ अलग और आकर्षक थीम लेकर आ रही है। लोअर चुटिया स्थित महादेव मंडा परिसर में इस वर्ष परी थीम पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है।
पंडाल की सजावट में परी लोक के साथ-साथ पुराने जमाने की शादी-विवाह की झलक भी देखने को मिलेगी। इसमें पालकी, बैलगाड़ी, हाथी समेत कई पारंपरिक मॉडल लगाए जाएंगे। पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल के मिदनापुर स्थित कांटाई के कारीगर कर रहे हैं।
90 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा होगा पंडाल
पंडाल को करीब 60 फीट चौड़ा, 90 फीट लंबा और 40 फीट ऊंचा बनाया जा रहा है। इसके निर्माण में बांस, चीनी फोम, नेट, थर्मोकोल, फाइबर और कपड़े जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पंडाल की दीवारों पर देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी, जिससे पूरा परिसर धार्मिक और पारंपरिक रंग में नजर आएगा।
बैलगाड़ी बनेगी खास सेल्फी प्वाइंट
इस बार समिति ने श्रद्धालुओं के लिए एक खास सेल्फी प्वाइंट भी तैयार करने की योजना बनाई है। पंडाल के सामने पुराने जमाने की बैलगाड़ी का मॉडल लगाया जाएगा, जहां लोग तस्वीरें ले सकेंगे।
पंडाल का पट षष्ठी के दिन बेलवरण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
पूजा से लेकर सजावट तक लाखों रुपये होंगे खर्च
समिति के अध्यक्ष राजकुमार महतो के अनुसार, पंडाल निर्माण पर करीब 11 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। वहीं लाइट और साउंड पर 1.50 लाख रुपये, मां दुर्गा की प्रतिमा पर 1.25 लाख रुपये और महाप्रसाद के भोग पर करीब दो लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा साज-सज्जा, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर लगभग पांच लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। यानी इस बार चुटिया की दुर्गा पूजा में भव्य सजावट के साथ श्रद्धालुओं के लिए कई आकर्षण देखने को मिलेंगे।
पूजा समिति में ये पदाधिकारी शामिल
पूजा आयोजन की जिम्मेदारी समिति के अध्यक्ष राजकुमार महतो, कार्यकारी अध्यक्ष भोला चौधरी और गुल्लू गोप, महामंत्री प्रमोद गोप, संगठन महामंत्री संजय प्रसाद (मामा) और संरक्षक उदय पासवान, लालो महतो व मनोज गोप समेत अन्य पदाधिकारियों के पास है।
समिति में संयोजक मिथिलेश गोप, सहसंयोजक दिलीप साहू और वरीय उपाध्यक्ष धनंजय सिंह सहित कई सदस्य आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं।




