मांडर, बेड़ो, ईटकी, लापुंग और चान्हो के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई प्रारंभिक परीक्षा, कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

रांची: मांडर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित भारत रत्न राजीव गांधी ग्रामीण प्रतिभा प्रतियोगिता के प्रारंभिक चरण की परीक्षा रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रतियोगिता का आयोजन मांडर, बेड़ो, ईटकी, लापुंग और चान्हो प्रखंडों के कुल 20 परीक्षा केंद्रों पर किया गया।
परीक्षा में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के लगभग 6,500 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न केंद्रों पर छात्रों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

प्रखंडवार परीक्षा केंद्रों की बात करें तो चान्हो में 5, बेड़ो में 5, ईटकी में 4, मांडर में 3 और लापुंग में 3 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई।
प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन रांची के जिला शिक्षा अधीक्षक तथा सभी संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) की निगरानी में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। आयोजकों का कहना है कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी इस पहल की सफलता को दर्शाती है।


