त्योहार से 15 दिन पहले लागू होगी योजना, एक ग्राहक अधिकतम पांच लाख रुपये तक की स्पीड पोस्ट बुकिंग पर ले सकेगा लाभ

रांची: रक्षाबंधन के मौके पर राखी भेजने वाले लोगों के लिए डाक विभाग ने विशेष सुविधा की घोषणा की है। स्पीड पोस्ट के जरिए भेजी जाने वाली राखियों के डाक शुल्क पर ग्राहकों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। यह सुविधा विशेष रूप से रिटेल ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी। डाक विभाग के अनुसार, रक्षाबंधन के दौरान बड़ी संख्या में लोग डाकघरों के माध्यम से अपने परिजनों तक राखियां भेजते हैं। वहीं निजी कूरियर कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए विभाग ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए यह विशेष योजना शुरू करने का निर्णय लिया है।
यह योजना रक्षाबंधन से 15 दिन पहले लागू की जाएगी। इसका लाभ लेने के लिए ग्राहकों को राखी वाले लिफाफे के सामने स्पष्ट रूप से ‘राखी मेल’ लिखना होगा। इसके बाद संबंधित लिफाफे को डाकघर के काउंटर पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से बुक कराया जा सकेगा। योजना के तहत एक ग्राहक एक बार में अधिकतम पांच लाख रुपये तक की स्पीड पोस्ट बुकिंग करा सकेगा। हालांकि, 10 प्रतिशत की यह छूट केवल डाकघरों के काउंटर से की जाने वाली रिटेल स्पीड पोस्ट बुकिंग पर ही मिलेगी।
त्योहारी सीजन में डाक विभाग की इस पहल से राखी भेजने वाले ग्राहकों को डाक खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।

