TRAI ने नए ड्राफ्ट नियम जारी किए, कॉल और SMS इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को मिल सकती है राहत

रांची: मोबाइल रिचार्ज प्लान को लेकर जल्द बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026 का मसौदा जारी करते हुए आम लोगों और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। प्रस्तावित नियमों का उद्देश्य उन उपभोक्ताओं को राहत देना है, जिन्हें डेटा की आवश्यकता नहीं होती और जो केवल कॉल तथा एसएमएस सेवाओं का उपयोग करते हैं।
क्या है नया प्रस्ताव?
TRAI के प्रस्ताव के अनुसार, टेलीकॉम कंपनियों को जिस अवधि के लिए डेटा वाला रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराती हैं, उसी अवधि के लिए सिर्फ कॉल और एसएमएस वाला अलग प्लान भी उपलब्ध कराना होगा। उदाहरण के तौर पर, यदि कंपनी 28 या 84 दिन का डेटा प्लान देती है, तो उसे उतनी ही वैधता वाला बिना डेटा का प्लान भी पेश करना होगा।
किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा?
इस बदलाव से फीचर फोन उपयोगकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों और उन लोगों को सबसे अधिक लाभ मिलने की उम्मीद है, जो इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते या केवल कॉलिंग के लिए मोबाइल रखते हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को अब अनावश्यक रूप से डेटा वाले महंगे प्लान खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
रिचार्ज हो सकते हैं सस्ते
TRAI का मानना है कि डेटा हटने से कॉल और एसएमएस वाले प्लान की कीमत में उल्लेखनीय कमी आ सकती है। उद्योग विशेषज्ञों का अनुमान है कि ऐसे प्लान मौजूदा डेटा प्लान की तुलना में 50 से 70 प्रतिशत तक सस्ते हो सकते हैं। हालांकि अंतिम कीमत तय करने का अधिकार टेलीकॉम कंपनियों के पास ही रहेगा।
अभी लागू नहीं हुए हैं नियम
फिलहाल यह केवल एक ड्राफ्ट प्रस्ताव है। TRAI ने इस पर सभी हितधारकों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। सुझावों की समीक्षा के बाद अंतिम नियम जारी किए जाएंगे, जिसके बाद कंपनियों को इन्हें लागू करने के लिए निर्धारित समय दिया जाएगा।
1600 और 140 सीरीज कॉल को लेकर भी स्पष्टता
TRAI ने यह भी स्पष्ट किया है कि 1600 सीरीज की कॉल सरकारी और विनियमित संस्थाओं की महत्वपूर्ण सेवा एवं लेनदेन संबंधी कॉल के लिए निर्धारित है, इसलिए इन्हें कॉल मैनेजमेंट ऐप के माध्यम से ब्लॉक नहीं किया जा सकेगा। वहीं 140 सीरीज का उपयोग वाणिज्यिक प्रचार कॉल के लिए होता है, जिन्हें उपभोक्ता डू नॉट डिस्टर्ब (DND) सेवा के जरिए नियंत्रित कर सकते हैं।
उपभोक्ताओं को मिलेगा अधिक विकल्प
प्रस्तावित बदलाव लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के अनुसार रिचार्ज प्लान चुनने की अधिक स्वतंत्रता मिलेगी। इससे टेलीकॉम कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा भी बढ़ने की उम्मीद है और ग्राहकों को किफायती विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।

