रांची: झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 22 जुलाई को बीएलओ (BLO) और बीएलए-2 (BLA-2) की तीसरी एवं अंतिम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में ASDD (Absent, Shifted, Dead & Duplicate) सूची पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

इससे पहले राज्यभर के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और बीएलए-2 की दूसरी बैठक के साथ चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान ASDD सूची को पढ़कर सुनाया गया और आवश्यक सुझाव लिए गए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी बीएलओ को निर्देश दिया है कि ASDD सूची तैयार करते समय पूरी सावधानी बरती जाए और कोई भी पात्र भारतीय मतदाता प्रारूप मतदाता सूची से छूटने न पाए।
लोहरदगा दौरे के दौरान उन्होंने बीएलओ और बीएलए-2 के साथ बैठक कर SIR प्रक्रिया की समीक्षा की तथा उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई की बैठक की कार्यवाही और तस्वीरें भी BLO ऐप के माध्यम से अपलोड की जाएंगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची के साथ-साथ ASDD सूची भी सार्वजनिक की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि SIR प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। यदि किसी गैर-भारतीय को गणना प्रपत्र मिलता है, तो उसे बिना भरे और बिना हस्ताक्षर किए उचित कारण बताते हुए बीएलओ को वापस कर देना चाहिए। गैर-भारतीय द्वारा इस प्रक्रिया में भाग लेना कानूनन दंडनीय अपराध है।

