झारखंड में SIR के बाद जारी हुई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, हजारीबाग में 2.80 लाख से ज्यादा मतदाताओं के नाम बाहर

0
74
Share This Post
विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित। छूटे हुए योग्य मतदाता 4 सितंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।
हजारीबाग: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट रोल) जारी कर दिया गया है। जिन लोगों ने एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी की है, वे अब अपने मतदान केंद्र पर जाकर या संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं।

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी योग्य मतदाता का नाम प्रारूप सूची में शामिल नहीं हुआ है, तो उसे बिना देरी किए अपने बीएलओ (BLO) से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देना होगा। समय रहते दावा नहीं करने पर अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पाएगा।

हजारीबाग में 2.80 लाख से अधिक नाम सूची से बाहर

हजारीबाग जिले में कुल 2,80,141 मतदाताओं के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। इनमें ऐसे लोग शामिल हैं जो सत्यापन के दौरान अनुपस्थित, दूसरे स्थान पर स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट पाए गए या जिन्होंने सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग नहीं किया।

जिला प्रशासन के अनुसार, जिले में कुल 16,32,168 पंजीकृत मतदाताओं में से 13,52,027 मतदाताओं के गणना प्रपत्र सफलतापूर्वक डिजिटल रूप से दर्ज किए गए हैं।

4 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावा और आपत्ति

प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ ही दावा और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक योग्य नागरिक अपने आवेदन संबंधित प्रपत्रों के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

  • फॉर्म-6 : नया नाम जुड़वाने के लिए
  • फॉर्म-7 : नाम हटाने के लिए
  • फॉर्म-8 : नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार एवं मतदान केंद्र परिवर्तन के लिए

इन आवेदन पत्रों को संबंधित BLO, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी या जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किया जा सकता है।

बढ़ी मतदान केंद्रों की संख्या

इस विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान हजारीबाग जिले में मतदान केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। पहले जहां जिले में 1,866 मतदान केंद्र थे, वहीं अब इनकी संख्या बढ़कर 1,968 हो गई है। इससे मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मतदाताओं से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि कोई त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति सामने आती है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर उसे ठीक करवाएं, ताकि अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम सुनिश्चित किया जा सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here