
झारखंड समेत सात राज्यों के मतदाताओं को निर्वाचन आयोग ने दिया एक और मौका, मसौदा सूची में नाम जुड़वाने का मिलेगा अवसर
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने झारखंड समेत सात राज्यों के ऐसे मतदाताओं को राहत देते हुए एक और मौका देने का फैसला किया है, जिनका नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दौरान मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका था। आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी पात्र मतदाता अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के अवसर से वंचित नहीं रहना चाहिए।
एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को मिलेगी राहत
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने कई मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि (ASDD) की श्रेणी में चिह्नित किया था। इन मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Enumeration Form) जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय पर उनके प्रपत्र वापस नहीं मिल सके। इसके चलते एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए।
सात राज्यों के लिए जारी किए गए निर्देश
निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। इसके तहत दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड के संबंधित मतदाताओं को एक और अवसर दिया जाएगा।
आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से किसी भी पात्र मतदाता का नाम अंतिम मतदाता सूची से छूटने न पाए। इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।




