मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, वज्रपात और भारी बारिश की संभावना जताई। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

रांची: झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई इलाकों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि 24 जुलाई को राज्य के विभिन्न जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और बोकारो जिलों के लिए भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 जुलाई को झारखंड के लगभग सभी जिलों में तथा 26 जुलाई को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान भी तेज हवाएं और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। नागरिकों को पेड़ों, बिजली के खंभों और अन्य कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है। बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग भी सतर्क है। लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की गई है।

