
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा: गांव से जिला मुख्यालय तक विकास और जनकल्याण के कार्यक्रमों की धूम..
राँची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार, 23 नवंबर को राज्यभर में विकास, जनकल्याण, आजीविका संवर्धन और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। पंचायत से लेकर जिला स्तर तक आयोजित इन आयोजनों में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, खेल, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
गृह प्रवेश के साथ परिवारों का पक्के मकान का सपना हुआ पूरा
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, अबुआ आवास योजना, पीएम-जनमन और बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना के लाभुकों को नवनिर्मित घरों में गृह प्रवेश कराया गया।
सरायकेला-खरसावां जिले में 23 नवंबर को 76 परिवारों ने अपने नए घर में प्रवेश किया। यहां 17 से 23 नवंबर के बीच कुल 677 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। वहीं, कोडरमा में 41 और गोड्डा में 29 परिवारों को नए आवास की सौगात मिली। जमशेदपुर के चाकुलिया समेत अन्य क्षेत्रों में भी लाभुकों को आवास उपलब्ध कराए गए। कई स्थानों पर पौधे और बधाई पत्र देकर परिवारों को सम्मानित किया गया।
कृषि मेले और शिविरों से किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी
राजधानी राँची, कोडरमा, जमशेदपुर, पाकुड़ समेत विभिन्न जिलों में कृषि मेला, रबी कार्यशाला, बीज वितरण और पशुपालन शिविर आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को उन्नत बीज, मृदा स्वास्थ्य, जैविक खेती, संतुलित उर्वरक उपयोग, फसल बीमा और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
राँची जिले के विभिन्न प्रखंडों में 1,023 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, गोड्डा के सुंदर डैम में 2.50 लाख मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन किया गया। इसके अलावा मत्स्यजीवियों और लाभुकों के बीच 70.22 लाख रुपये से अधिक की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।
महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 1.21 करोड़ की सहायता
महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा गया। उन्हें आजीविका संवर्धन, वित्तीय प्रबंधन और पोषण वाटिका के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
जमशेदपुर के चाकुलिया में फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 1.21 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, किचन गार्डन किट वितरण और महिला समूहों के सम्मान समारोह आयोजित किए गए।
600 खिलाड़ियों ने खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा
खेल और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राँची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। इसमें पांच जिलों के करीब 600 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, गुलेल, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ।
दूसरी ओर, बोकारो के ललपनिया, कोडरमा और लातेहार में सांस्कृतिक गीत-संगीत प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोककला और जनजातीय परंपराओं को प्रोत्साहित किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों में जांच, बच्चों को बाल अधिकारों की जानकारी
स्थापना दिवस पखवाड़ा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को भी विशेष प्राथमिकता दी गई। जमशेदपुर के बहरागोड़ा में आयोजित मिर्गी जांच शिविर में 30 नए मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गईं, जबकि 61 पुराने मरीजों की भी जांच की गई। सरायकेला-खरसावां में 65 विद्यार्थियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच की गई।
लोहरदगा में 53 बच्चों को बाल संरक्षण, बाल विवाह की रोकथाम और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में जागरूक किया गया। वहीं, चतरा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा समेत अन्य जिलों में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, नशामुक्ति, बाल विवाह रोकथाम, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जनभागीदारी से विकास और सांस्कृतिक संरक्षण को मिल रही गति
स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित ये कार्यक्रम राज्य में विकास योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहे हैं। सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय आजीविका को भी प्रोत्साहित करना है।




