झारखंड में बिजली बिलिंग को लेकर JBVNL सख्त, अगस्त में 100% उपभोक्ताओं की बिलिंग का लक्ष्य

0
83
Share This Post

जुलाई तक 96.59% उपभोक्ताओं की हो चुकी है बिलिंग, अब बाकी 1.91 लाख उपभोक्ताओं तक पहुंचने का निर्देश

रांची: झारखंड में बिजली बिलिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड यानी JBVNL ने अगस्त में शत-प्रतिशत उपभोक्ताओं की बिलिंग का लक्ष्य तय किया है। निगम के अध्यक्ष के. श्रीनिवासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कोई भी प्रभावी उपभोक्ता बिलिंग से बाहर नहीं रहना चाहिए।

दरअसल, जुलाई तक राज्य में JBVNL की ओवरऑल बिलिंग एफिशिएंसी 96.59 फीसदी पहुंच चुकी है। जून में यह करीब 95 फीसदी थी। यानी एक महीने में बिलिंग दक्षता में सुधार हुआ है। अब निगम की कोशिश इसे 100 फीसदी तक पहुंचाने की है।

1.91 लाख उपभोक्ताओं की बिलिंग बाकी

JBVNL की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में कुल 56 लाख 4 हजार 917 प्रभावी उपभोक्ता हैं। इनमें से जुलाई में 54 लाख 13 हजार 542 उपभोक्ताओं की बिलिंग पूरी कर ली गयी। वहीं करीब 1 लाख 91 हजार 375 उपभोक्ता अभी बिलिंग से बाहर हैं।

एमडी ने अधिकारियों को इन सभी बचे हुए उपभोक्ताओं की अगस्त में बिलिंग पूरी करने का निर्देश दिया है।

बिलिंग बढ़ेगी तो राजस्व संग्रह भी सुधरेगा

निगम प्रबंधन का मानना है कि बिजली बिलिंग की दक्षता का सीधा असर राजस्व संग्रह पर पड़ता है। जितने अधिक उपभोक्ताओं की समय पर बिलिंग होगी, उतनी ही बेहतर तरीके से बिजली खपत का आकलन और राजस्व की वसूली की जा सकेगी।

अधिकारियों को बिलिंग व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने और कम बिलिंग वाले क्षेत्रों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है। अब JBVNL का फोकस अगस्त में 96.59 फीसदी की बिलिंग दक्षता को बढ़ाकर 100 फीसदी करने पर है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here