IRCTC का नया बीटा वर्जन 15 जुलाई से: टिकट बुकिंग होगी पहले से तेज और आसान

0
56
Share This Post

आसान कैप्चा, बिना पॉप-अप, सभी क्लास की सीटें एक साथ दिखेंगी, सेव डिटेल्स से दोबारा बुकिंग होगी फास्ट

रांची: ट्रेन टिकट बुकिंग को अधिक तेज, आसान और सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय रेलवे 15 जुलाई से IRCTC वेबसाइट का नया बीटा वर्जन लॉन्च करने जा रहा है। नए पोर्टल के आने के बाद यात्रियों को धीमी वेबसाइट, बार-बार आने वाले पॉप-अप, जटिल कैप्चा और लंबी टिकट बुकिंग प्रक्रिया जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।

रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट का इंटरफेस पहले की तुलना में अधिक सरल और यूजर फ्रेंडली बनाया गया है। अब टिकट बुकिंग के दौरान अनावश्यक विज्ञापन, चमकदार ग्राफिक्स और बार-बार आने वाले पॉप-अप नहीं दिखेंगे। साथ ही कैप्चा को भी छोटा और आसान बनाया गया है, जिससे लॉगइन और टिकट बुकिंग में कम समय लगेगा।

एक ही स्क्रीन पर दिखेंगी सभी क्लास की सीटें

अब यात्रियों को अलग-अलग स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी या अन्य क्लास पर क्लिक करके सीट उपलब्धता देखने की जरूरत नहीं होगी। नए पोर्टल पर सभी श्रेणियों में उपलब्ध सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। इससे टिकट बुकिंग का समय काफी कम हो जाएगा।

बार-बार डिटेल भरने की नहीं होगी जरूरत

नई व्यवस्था में एक बार टिकट बुक करने के बाद यात्री की जानकारी सुरक्षित रहेगी। अगली बार टिकट बुक करते समय वही सेव डिटेल्स स्वतः उपलब्ध होंगी, जिससे हर बार नाम, उम्र और अन्य जानकारी दोबारा भरने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

चेकआउट प्रोसेस होगा पहले से तेज

रेलवे ने टिकट बुकिंग के स्टेप्स भी कम कर दिए हैं। कम क्लिक और आसान इंटरफेस की वजह से भुगतान और चेकआउट प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक होगी।

तत्काल टिकट में बॉट पर लगेगी रोक

रेल मंत्रालय ने बताया कि नए पोर्टल में ऑटोमैटिक बॉट के इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए विशेष तकनीकी बदलाव किए गए हैं। बॉट ऐसे कंप्यूटर प्रोग्राम होते हैं जो पहले से सेव जानकारी के आधार पर कुछ ही सेकंड में टिकट बुक कर लेते हैं। इनका इस्तेमाल अक्सर दलाल तत्काल टिकट बुक करने में करते हैं। नई प्रणाली में ऐसे स्वचालित बुकिंग सिस्टम को रोकने के उपाय शामिल किए गए हैं, ताकि आम यात्रियों को तत्काल टिकट बुक करने का बेहतर अवसर मिल सके।

रेलवे का मानना है कि इन बदलावों से टिकट बुकिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और सुरक्षित बनेगी तथा यात्रियों का ऑनलाइन अनुभव पहले से कहीं बेहतर होगा।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here