9 अक्टूबर को भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले ADG ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा, ट्रैफिक से लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा तक की समीक्षा

रांची. जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे T20 मुकाबले को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक, दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मैच के दिन सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों की एंट्री और एग्जिट, पार्किंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट, खिलाड़ियों और टीमों की सुरक्षा के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा की समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने लिया पूरे स्टेडियम क्षेत्र का जायजा
सुरक्षा निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी और पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह मौजूद रहे।
इसके अलावा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव, अन्य पदाधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी भी निरीक्षण में शामिल हुए।
प्रवेश-निकास और पार्किंग पर विशेष फोकस
अधिकारियों ने स्टेडियम में दर्शकों के प्रवेश और निकास की व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही पार्किंग जोन, यातायात मार्ग और भीड़ प्रबंधन से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। मैच के दिन बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा होगी प्राथमिकता
सुरक्षा समीक्षा के दौरान खिलाड़ियों, टीम स्टाफ, दर्शकों और वीआईपी मूवमेंट से जुड़े सभी पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा स्टेडियम के महत्वपूर्ण और संवेदनशील हिस्सों की निगरानी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
पर्याप्त पुलिस बल की होगी तैनाती
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मैच के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने, यातायात को नियंत्रित करने और आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
रांची पुलिस की अपील
रांची पुलिस ने आम नागरिकों और क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि मैच के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने कहा है कि दर्शकों, खिलाड़ियों और आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में लोगों से सहयोग की भी अपील की गई है।





