
रांची में भारी बारिश से फसलों को नुकसान, DC ने मांगी प्रभावित किसानों की रिपोर्ट
अंचल स्तर पर होगा फसल क्षति का सर्वे, प्रभावित क्षेत्रफल, किसानों की संख्या और आर्थिक नुकसान का तैयार किया जाएगा ब्योरा

रांची: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना है. स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने फसल क्षति का आकलन कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को बारिश की स्थिति और उससे हुए संभावित नुकसान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वे कराने का निर्देश दिया.
प्रभावित इलाकों में होगा सर्वे
उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को निर्देश दिया है कि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में कृषि फसलों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कराया जाए. इसके लिए सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में जाकर स्थिति का जायजा लेने और सर्वे रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है.
प्रशासन का उद्देश्य नुकसान का सही आंकड़ा जुटाकर जरूरत के मुताबिक राहत और सहायता की प्रक्रिया समय पर शुरू करना है.
रिपोर्ट में दर्ज होगा किसानों का नुकसान
जिला कृषि पदाधिकारी को फसल क्षति का व्यापक सर्वे कराने की जिम्मेदारी दी गयी है. तैयार की जाने वाली रिपोर्ट में कितने क्षेत्र में फसल प्रभावित हुई, कितने किसान इससे प्रभावित हुए और अनुमानित आर्थिक नुकसान कितना है, इसका विवरण शामिल किया जाएगा.
कई जगहों पर लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भरने से फसलों के खराब होने की स्थिति सामने आ रही है. ऐसे में प्रशासन प्रभावित किसानों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए नुकसान का वास्तविक आंकड़ा जुटा रहा है.
जल्द रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सर्वे पूरा कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है. रिपोर्ट मिलने के बाद प्रभावित किसानों को संभावित राहत और सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी.




