Hanuman Ansh Box Office: 31वें दिन ₹22.75 करोड़ की कमाई, 100 करोड़ पार कर ‘धुरंधर’ का रिकॉर्ड तोड़ा

0
63
Share This Post

नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ने पांचवें रविवार को दर्ज की सबसे बड़ी कमाई, भारत में नेट कलेक्शन ₹122.13 करोड़ तक पहुंचा

Hanuman Ansh Box Office Collection Day 31: नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने ऐसा रफ्तार पकड़ी कि अब यह भारत में ₹100 करोड़ के नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने अपने 31वें दिन करीब ₹22.75 करोड़ नेट कमाए। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग ₹122.13 करोड़ तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹144.40 करोड़ बताया जा रहा है।

31वें दिन फिल्म ने दर्ज की सबसे बड़ी सिंगल-डे कमाई

पांचवें रविवार को ‘हनुमान अंश’ की कमाई में करीब 37.9 प्रतिशत का उछाल देखने को मिला। इससे एक दिन पहले फिल्म ने पांचवें शनिवार को करीब ₹16.50 करोड़ कमाए थे। 31वें दिन की ₹22.75 करोड़ की कमाई फिल्म के अब तक के पूरे थिएट्रिकल रन की सबसे बड़ी एक दिन की कमाई भी बन गई।

‘धुरंधर’ का पांचवें रविवार का रिकॉर्ड पीछे

‘हनुमान अंश’ ने पांचवें रविवार की कमाई के मामले में ‘धुरंधर’ को पीछे छोड़ दिया। ट्रेड डेटा के मुताबिक ‘धुरंधर’ ने अपने 31वें दिन करीब ₹12.75 करोड़ कमाए थे, जबकि ‘हनुमान अंश’ ने उसी चरण में ₹22.75 करोड़ का कारोबार किया। पांचवें वीकेंड में भी ‘हनुमान अंश’ ने ₹49 करोड़ से ज्यादा की कमाई की, जो ‘धुरंधर’ के इसी वीकेंड के ₹33.25 करोड़ से अधिक रही।

पहले दिन सिर्फ ₹10 लाख से हुई थी शुरुआत

फिल्म की सफलता इसलिए और दिलचस्प है क्योंकि इसकी शुरुआत बेहद धीमी रही थी। 7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ने पहले दिन सिर्फ करीब ₹10 लाख का कारोबार किया था। पहले सप्ताह में इसकी कमाई करीब ₹1.08 करोड़ और दूसरे सप्ताह में लगभग ₹40 लाख रही। लेकिन तीसरे हफ्ते से दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा तेजी से बढ़ी और इसके बाद बॉक्स ऑफिस ग्राफ लगातार ऊपर जाता गया।

तीसरे और चौथे हफ्ते में बदली पूरी कहानी

तीसरे सप्ताह में फिल्म ने करीब ₹10.40 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके बाद चौथे हफ्ते में कमाई उछलकर लगभग ₹61 करोड़ तक पहुंच गई। माउथ पब्लिसिटी और दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी ने फिल्म को पांचवें हफ्ते में भी मजबूत बनाए रखा। यही वजह है कि रिलीज के एक महीने बाद फिल्म अपने शुरुआती दिनों से कहीं ज्यादा कमाई कर रही है।

करीब ₹2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म

रिपोर्ट्स के अनुसार ‘हनुमान अंश’ का निर्माण करीब ₹2 करोड़ के बजट में किया गया है। इस लिहाज से ₹122 करोड़ से ज्यादा की नेट कमाई इसे साल की सबसे चौंकाने वाली बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल करती है।

शोभिनव सत्या बने नीम करोली बाबा

फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। इसमें शोभिनव सत्या ने नीम करोली बाबा की मुख्य भूमिका निभाई है, जबकि चंदन आनंद भी महत्वपूर्ण किरदार में नजर आते हैं। शोभिनव पहले फिल्म से असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े थे और बाद में उन्हें मुख्य भूमिका मिली। कम बजट, सीमित स्क्रीन्स और बेहद धीमी शुरुआत के बावजूद ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस सफर अब एक असामान्य सक्सेस स्टोरी बन गया है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here