बुशहर में धमाकों की आवाज से हड़कंप, ईरान ने न्यूक्लियर प्लांट पर हमले की खबरों को नकारा

0
74
Share This Post

अमेरिका ने ईरान के बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट पर हमला किया है। बताया गया कि मिसाइलों के टुकड़े न्यूक्लियर फैसिलिटी पर गिरे थे। लेकिन ईरान ने इससे इनकार किया है।

ईरान के बुशहर शहर के पास धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। मेहर न्यूज़ एजेंसी ने इन धमाकों की रिपोर्ट की है। इससे पहले खबरें सामने आई थीं कि अमेरिका ने बुशहर पावर प्लांट के आसपास हमला किया और मिसाइलों के कुछ टुकड़े न्यूक्लियर फैसिलिटी के पास गिरे। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने इन दावों को खारिज किया है। बुशहर के गवर्नर मोहम्मद मुज़फ़्फ़री ने कहा कि अमेरिका की ओर से शहर पर हमला जरूर हुआ, लेकिन न्यूक्लियर पावर प्लांट को निशाना बनाए जाने की खबरें सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्लांट को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

ईरानी मीडिया के मुताबिक, मुज़फ़्फ़री ने खारग द्वीप पर हमले की खबरों को भी गलत बताया। खारग द्वीप बुशहर प्रांत के पास स्थित है और ईरान के कच्चे तेल निर्यात के लिए बेहद अहम माना जाता है। ISNA के अनुसार, गवर्नर ने कहा कि दोनों स्थानों पर किसी तरह की घटना नहीं हुई है।

क्यों अहम है बुशहर न्यूक्लियर प्लांट

बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट करीब दो दशक पहले रूसी तकनीकी सहयोग से तैयार किया गया था। अमेरिका-इज़राइल तनाव और पहले हुए हमलों के दौरान नतांज़, फोर्डो और इस्फ़हान जैसी न्यूक्लियर फैसिलिटीज निशाने पर रही थीं, लेकिन बुशहर को अब तक सीधे तौर पर निशाना नहीं बनाया गया था। युद्ध के दौरान भी यहां रूसी तकनीकी कर्मचारी मौजूद बताए जाते रहे हैं। फिलहाल ईरान का दावा है कि बुशहर न्यूक्लियर प्लांट पूरी तरह सुरक्षित है।

चीन-ईरान रेल कॉरिडोर को भी नुकसान

फार्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक, अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान के उत्तरी गोलेस्तान प्रांत में स्थित ‘अक ताक़ेह खान’ रेलवे पुल को नुकसान पहुंचा है। यह पुल ईरान और चीन के बीच व्यापारिक मार्ग का अहम हिस्सा माना जाता है। इसी रूट से तुर्कमेनिस्तान और कज़ाकिस्तान होते हुए चीन तक माल भेजा जाता है। फार्स के अनुसार, पुल की मरम्मत जल्द पूरी कर ली जाएगी।

ईरान ने अमेरिका पर लगाया युद्ध अपराध का आरोप

ईरान ने अमेरिकी हमलों को “गंभीर युद्ध अपराध” करार दिया है। विदेश मंत्रालय ने दक्षिणी तटीय प्रांतों और मशहद की ओर जाने वाली रेलवे लाइन पर हुए हमलों की निंदा की। मंत्रालय ने कहा कि यह कार्रवाई आक्रामक हमला है और युद्ध खत्म करने से जुड़े अंतरिम समझौते का उल्लंघन है। ईरान ने अमेरिका पर MoU की धारा 1 और 5 तोड़ने का आरोप लगाया है।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here