प्रारंभिक मतदाता सूची और ESDD सूची होगी जारी, ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यमों से नाम जोड़ने और सूची देखने की मिलेगी सुविधा।

रांची : झारखंड में जिन पात्र नागरिकों का नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उनके लिए राहत भरी खबर है। भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे नागरिकों को 5 अगस्त से फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का अवसर दिया है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय के अनुसार, 5 अगस्त को प्रारंभिक मतदाता सूची और ESDD (Elector Summary Data) सूची का प्रकाशन किया जाएगा। यह सूची राज्य के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आम नागरिकों के अवलोकन के लिए उपलब्ध रहेगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बताया कि नागरिक सूची में दर्ज अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है।
#NewVoters अभियान भी होगा शुरू
नए मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #NewVoters अभियान भी चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से युवाओं और नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रारंभिक मतदाता सूची का अवलोकन करें। यदि नाम, पता या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि हो या नाम छूट गया हो, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय रहते आवेदन कर उसे ठीक कराएं, ताकि आगामी चुनाव में मतदान का अधिकार सुनिश्चित हो सके।

