
CM हेमंत सोरेन ने अनुसेवक अंगद महतो को दी विदाई, शॉल और स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
सेवानिवृत्ति पर मुख्यमंत्री ने दी उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की शुभकामनाएं, अंगद महतो ने जताया आभार

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में कार्यरत अनुसेवक अंगद महतो के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अंगद महतो को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट किए।
मुख्यमंत्री ने उनके सेवाकाल के प्रति सम्मान जताते हुए सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अंगद महतो के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह के दौरान अंगद महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सरल और संवेदनशील व्यवहार के कारण उन्हें सेवाकाल के दौरान सहज और आत्मीय वातावरण मिला। उन्होंने इस अनुभव को अपने जीवन की यादगार स्मृतियों में शामिल बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने अंगद महतो को सेवानिवृत्ति पर बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।




