CM आवास में स्वयं जमा किया एन्यूमरेशन फॉर्म, कहा, लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए हर पात्र मतदाता SIR प्रक्रिया में जरूर लें भाग

रांची: झारखंड में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में स्वयं अपना एन्यूमरेशन (SIR) फॉर्म भरकर जमा किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से तय समय सीमा के भीतर अपना SIR फॉर्म भरकर सत्यापन कराने की अपील की।मुख्यमंत्री के समक्ष निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 290 की बीएलओ ने फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कराई। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव की बुनियाद है। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं को समय पर SIR प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल स्वयं ही फॉर्म न भरें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और समाज के अन्य पात्र मतदाताओं को भी SIR अभियान में शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि राज्य की मतदाता सूची पूरी तरह सटीक और अद्यतन बन सके।

गौरतलब है कि झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं।इस अवसर पर रांची के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी सहित कई निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।



