Bokaro New Voters Campaign बोकारो जिला प्रशासन 5 अगस्त से न्यू वोटर्स अभियान शुरू करने जा रहा है। यह अभियान विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत चलाया जाएगा, जिसमें पात्र नागरिकों, खासकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अंतिम अवसर मिलेगा ।
बोकारो में 2.65 लाख से अधिक मतदाता SIR-2026 में छूटे
बोकारो जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के पहले चरण का कार्य 29 जुलाई 2026 को पूरा हो गया है । इस दौरान गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन किया गया। हालांकि, जिले के कुल 15,35,267 मतदाताओं में से 3,22,197 ने अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए । इनमें से 2,65,804 मतदाता अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित और अन्य श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं ।
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार, बोकारो विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 1,78,770 मतदाता इस श्रेणी में आए हैं। बेरमो में 44,483, गोमिया में 23,670 और चंदनकियारी में 18,881 मतदाता शामिल हैं ।
5 अगस्त से 4 सितंबर तक भर सकेंगे Form-6
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बताया कि जिन नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, उन्हें 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक प्रपत्र-06 (Form-6) भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करने का अवसर मिलेगा ।
प्रारूप मतदाता सूची 5 अगस्त को होगी प्रकाशित
5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा । यह सूची जिले के सभी मतदान केंद्रों, पंचायत सचिवालयों, एईआरओ और ईआरओ कार्यालयों में उपलब्ध होगी । मतदाता इस सूची में अपना नाम जांच सकेंगे और यदि कोई त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति हो तो निर्धारित अवधि में दावा प्रस्तुत कर सकेंगे 。
पहली बार वोट देने वाले युवाओं पर विशेष फोकस
प्रशासन का विशेष जोर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं पर है। इसके लिए कॉलेजों, स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा । उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है और कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए ।
ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं । इससे मतदाताओं को घर बैठे आवेदन करने में आसानी होगी ।
समयबद्ध होगा आवेदनों का निपटारा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निपटारा किया जाएगा । किसी भी पात्र नागरिक का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाएगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार जांच प्रक्रिया पूरी कर पात्र आवेदकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा ।
बाहरी संसाधन
- भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट: https://voters.eci.gov.in
- बोकारो जिला प्रशासन: https://bokaro.nic.in
- झारखंड मुख्य निर्वाचन अधिकारी: https://ceo.jharkhand.gov.in
SI Asmita Dey: कॉमनवेल्थ जूडो में भारत का पहला स्वर्ण, गाजियाबाद की SI ने रचा इतिहास


